कांग्रेस की ‘जन-आक्रोश रैली’ से बढ़ा अजय माकन का कद, बोले- होगा फायदा

नई दिल्ली । राहुल गांधी के साथ दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के नेताओं का राजघाट पर हुआ उपवास उपहास में बदल गया था। इस मामले में हुई किरकिरी के बाद अब रामलीला मैदान में आयोजित राहुल गांधी की जन आक्रोश रैली नेे दिल्ली कांग्रेस नेताओं में नई जान फूंक दी है। रैली में बड़ी संख्या में दिल्ली के लोगों के शामिल होने से कांग्रेस पार्टी में एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन का कद बढ़ गया है।

दिल्ली के लोगों की अच्छी भागीदारी 

जन आक्रोश रैली में माकन कम बोलाे, लेकिन कार्यकर्ताओं की भीड़ लाकर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली। चिलचिलाती धूप में हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश से कांग्रेस समर्थक आए थे। माकन ने बताया कि दिल्ली में इस रैली का बहुत फायदा होगा। इसमें सबसे अधिक संख्या में कार्यकर्ता थे। हमने 40 हजार फोटो आइ कार्ड बांटे थे। जिसमें 32 हजार पांच सौ लॉगिन हुई है। यह हमारे लिए बहुत सफल कार्यक्रम रहा और इसमें दिल्ली के लोगों की बहुत अच्छी भागीदारी थी।

सफल साबित हुआ डिजिटल कार्ड का प्रयोग

माकन ने कहा कि कांग्रेस का डिजिटल कार्ड का प्रयोग न केवल सफल साबित हुआ बल्कि सीधे कार्यकर्ताओं को जोड़ने उनसे संवाद करने में भी अहम साबित हुआ। रामलीला मैदान में कांग्रेस ने कुल 25 स्कैनर लगाए थे जहां हर स्कैनर पर कार्यकर्ताओं ने अपना पहचान पत्र स्कैन कराकर प्रवेश लिया।

समर्थकों के साथ पहुंचे स्थानीय नेता

रैली में अन्य प्रदेश के नेता बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ पहुंचे। हालांकि मंच पर केवल दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष होने के कारण अजय माकन को ही स्थान दिया गया।

हीरो की तरह हुई राहुल गांधी की एंट्री

राहुल गांधी जब मंच पर पहुंचने वाले थे उससे पहले मंच सहित अन्य स्थानों पर लगी बड़ी स्क्रीन पर गुलाल फिल्म का गाना ‘आरंभ है प्रचंड’ के साथ कार्यकर्ताओं से मिलते हुए राहुल गांधी का वीडियो दिखाया गया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता जोश से भर गए और कांग्रेस का झंडा लहराने लगे।

Comments are closed.