सांसद तीरथ सिंह रावत बने उत्तराखंड के दसवें मुख्यमंत्री, जानिये उनकी राजनीतिक यात्रा

न्यूज़ डेस्क : उत्तराखंड में गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड के दसवें मुख्यमंत्री बन गए हैं। बुधवार को भाजपा विधायक मंडल दल की बैठक में उनका नाम अचानक से सामने आया। कार्यवाहक मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने तीरथ सिंह के नाम का प्रस्ताव दिया। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने राजभवन में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

 

 

 

आरएसएस की पृष्ठभूमि से जुड़े तीरथ सिंह रावत गढ़वाल के सांसद हैं और उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। वे पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री पद पर रह चुके हैं।

 

 

उन्हें मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी के सबसे वफादार नेताओं में गिना जाता रहा। तीरथ के सामने पिछले लोकसभा चुनाव में तब धर्मसंकट पैदा हुआ जब उन्हें अपने गुरु के पुत्र के खिलाफ गढ़वाल सीट से चुनाव लड़ना पड़ा था। इस सीट पर उन्होंने जनरल खंडूड़ी के पुत्र मनीष खंडूड़ी को पराजित कर दिया था। 

 

 

 

प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट व त्रिवेंद्र के कार्यों को आगे बढ़ाऊंगा : तीरथ

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि वह राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट और त्रिवेंद्र सरकार के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। पर्यटन, तीर्थांटन, शिक्षा, खेती और किसानी, महिला सशक्तीकरण, स्वरोजगार उनकी प्राथमिकताएं होंगी। राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए वे इन क्षेत्रों पर खास फोकस करेंगे। अभी कुंभ मेले का आयोजन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल रहेगा। 

 

 

 

तीरथ राजभवन में शपथग्रहण समारोह के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान जब पत्रकारों ने उनकी प्रतिक्रिया जाननी चाही तो उन्होंने कहा कि वह सबसे पहले केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद करना चाहेंगे। उन्होंने पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने मुझ पर विश्वास किया। एक छोटे से गाव से यहां तक पहुंचाया।  केंद्रीय नेतृत्व के जो भी दिशा-निर्देश होंगे, उसके अनुरूप काम करूंगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह प्रधानमंत्री के सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास को आगे बढ़ाएंगे। 

 

 

 

सबको साथ लेकर चलूंगा

तीरथ ने कहा कि वह सबको साथ लेकर आगे बढ़ेंगे। उनकी कोशिश रहेगी कि हर वर्ग की समस्या का समाधान हो। राज्य सरकार ने चार साल में कई ऐसे कार्य किए हैं जो अब तक नहीं हुए थे, इन कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

 

 

केंद्रीय नेतृत्व से बात कर होगा कैबिनेट का गठन

नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि कैबिनेट का गठन जल्द हो जाएगा। इस संबंध में केंद्रीय नेतृत्व से बातचीत हो रही है।

 

 

भव्य और दिव्य होगा शाही स्नान 

आज बृहस्पतिवार को कुंभ में होने जा रहे पहले शाही स्नान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी अधिकारियों के साथ बैठने वाला हूं। कुंभ मेले की व्यवस्था से जुड़े लोगों से बातचीत होगी। शाही स्नान भव्य और दिव्य होगा। उसके लिए जल्द योजना बना रहे हैं। एक हेलीकॉप्टर फूलों की वर्षा करेगा।

 

 

सब लोग स्नान करें, ऐसी व्यवस्था बनाएंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेले में सभी लोग स्नान करें, सरकार ऐसी व्यवस्था बना रही है। कोविड-19 महामारी के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कुंभ स्नान की परंपरा को निभाया जाएगा।

 

 

पीएम मोदी ने ट़्वीट कर दी बधाई

पीएम मोदी ने भी प्रदेश के नए सीएम तीरथ सिंह रावत को ट्वीट कर बधाई दी। उन्होंने लिखा कि मुझे विश्वार है कि उनके नेतृत्व में प्रदेश प्रगति करेगा।

 

Comments are closed.