शपथ ग्रहण से पहले पंचदेव मंदिर में रुपाणी, पत्नी संग किए दर्शन

अहमदाबाद। गुजरात में विजय रुपाणी की अगुवाई वाली भाजपा की नई सरकार गांधीनगर में आज शपथ लेगी। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने से पहले विजय रुपाणी अपनी पत्नी अंजलि के संग पंचदेव मंदिर के दर्शन करने पहुंचे। जहां दोनों ने पूजा-अर्चना की।

बता दें कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के वरिष्ठ नेता और राजग शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। राज्य में भाजपा की यह लगातार छठी सरकार बनने जा रही है और बतौर मुख्यमंत्री विजय रुपाणी दूसरी बार शपथ लेने जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, भाजपा शासित और राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्री समारोह में मौजूद रहेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जीतू वाघानी ने कहा कई केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा, ‘पार्टी की ओर से विभिन्न धर्मों के संतों और गुरुओं को भी आमंत्रित किया गया है।’

राज्यपाल ओपी कोहली रुपाणी और पटेल के अलावा कबीना स्तर के छह से नौ सदस्यों को भी शपथ दिलाएंगे। करीब 15 राज्यमंत्री भी शपथ ले सकते हैं। पार्टी सूत्रों ने कहा कि पिछली सरकार के अधिकांश वरिष्ठ नेता मंत्री परिषद की शपथ ले सकते हैं। विधानसभा चुनाव में पिछली सरकार के छह मंत्री पराजित हुए हैं।

पार्टी ने 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा के हाल ही में संपन्न चुनाव में 99 सीटें जीती हैं। इस चुनाव में भाजपा को 2012 के चुनाव से 16 सीटें कम मिली हैं। कांग्रेस को उस समय 61 सीटें मिली थीं। इस बार कांग्रेस को 77 सीटों पर जीत हासिल हुई। रुपाणी और पटेल को 22 दिसंबर को भाजपा विधायक दल का नेता और उपनेता चुना गया।

Comments are closed.