सुखदेव पांसे ने मंत्री बनते ही मुलताई की जनता के प्रति आभार जताया

भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मुलताई से तीन बार के विधायक सुखदेव पांसे को कमलनाथ मंत्रीमंडल में शामिल किए जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया है। यहां पांसे ने मंत्रीमंडल में शामिल होते ही जहां पार्टी नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं के साथ ही मुलताई क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया है। मंत्री बनाए जाने पर पांसे के निवास पर बधाई देने वालों का जमावड़ा लग गया।

यहां कार्यकर्ताओ ने जमकर खुशियां मनाईं। गौरतलब है कि पांसे मंत्री पद के शपथ लेने जाने से पहले घर पर हनुमान चालीसा का पाठ कर अपनी मॉ के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। पांसे के जुडवा बच्चों ने पिता का मुंह मीठा कराया। पांसे ने मंत्री मंडल में शामिल होने के बाद मुलताई की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे कार्यकर्ताओँ की मेहनत और क्षेत्र के लोगों के स्नेह, प्यार की बदौलत आज यहां तक पहुंचे हैं।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे लगातार क्षेत्र की जनता के बीच रहकर उनकी सेवा करते रहेंगे। इसके साथ ही उन्होने कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं का उन्हें मंत्रीमंडल में शामिल किए जाने के लिए आभार जताया है।

Comments are closed.