5 साल से सास के साथ रह रहे दामाद ने तोड़ा भरोसा, उसकी करतूत से पुलिस भी हैरान

नई दिल्ली। दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में दामाद ने सास का भरोसा तोड़ते हुए उनके 20 लाख से अधिक रुपये चोरी कर लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आरोपी करतार नगर निवासी संतोष (41) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 15 लाख 48 हजार रुपये भी बरामद कर लिए गए।

पुलिस उपायुक्त डॉ.एके सिंगला ने बताया कि संतोष के साथ ही उनकी सास पांच साल से रह रही है। उन्होंने कुछ दिन पहले अपने प्लॉट का सौदा किया था।

11 दिसंबर को प्लॉट के बदले उन्हें 20.70 लाख रुपये मिले थे। इसे उन्होंने अलमारी के लॉकर में रख दिया। इसके बाद प्लॉट का रजिस्ट्रेशन कराने के लिए उन्हें जाना था।दामाद को घर में छोड़कर वह बेटी के साथ रजिस्ट्रेशन कराने के लिए निकल गई। जब वे लौटी तो संतोष घर पर नहीं था। इसके साथ अलमारी से नकदी भी गायब थी। थाना प्रभारी राजकुमार साहा के नेतृत्व में एसआइ प्रशांत, कांस्टेबल संगराम और अमन की टीम गठित की गई।

सर्विलांस से संतोष की लोकेशन आगरा में मिली। टीम ने आगरा पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया। चोरी की गई रकम से पांच लाख रुपये उसने अय्याशी पर खर्च कर दिए।

आरोपी ने स्कूटी के साथ महंगे जूते और मोबाइल खरीदे। इसके साथ ही उसने कुछ लोगों को कर्ज भी दे दिए। पुलिस ने 15.48 लाख रुपये और स्कूटी को बरामद कर लिया है।

Comments are closed.