गाजियाबाद । मुरादनगर थाने के एक दारोगा को छेड़छाड़ की शिकायत मिलने पर एक युवक को हवालात में बंद करना भारी पड़ गया। विरोध में स्थानीय लोगों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने में दारोगा के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान दारोगा की वर्दी फट गई।
मामला बढ़ता देख पुलिस ने आनन-फानन में युवक को छोड़ दिया। लोगों ने बताया कि दारोगा ने पकड़े गए युवक के बेटे से बेवजह मारपीट की है। असालतनगर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी में शिकायत की थी कि डिफेंस कालोनी निवासी एक व्यक्ति उसकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ करता है।
शिकायत मिलने पर चौकी प्रभारी उस व्यक्ति को पकड़ने के लिए दिल्ली-मेरठ हाईवे स्थित उसके ढाबे पर पहुंच गए। ढाबे पर वह व्यक्ति मौजूद नहीं था।
दारोगा ढाबे पर मौजूद आरोपी के बेटे को हिरासत में लेकर चौकी ले आए। पता चलने पर व्यक्ति अपने बेटे को छुड़ाने के लिए पुलिस चौकी पहुंचा।
दारोगा ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और उसके बेटे को छोड़ दिया। इसके बाद दारोगा व्यक्ति को थाने ले आए। इस बीच किसी अन्य मामले को लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पहले से ही थाने में मौजूद थे।
व्यक्ति के पकड़े जाने के विरोध में डिफेंस कालोनी से बड़ी संख्या में महिलाएं भी थाने पहुंच गईं और हंगामा किया। विरोध करने पर कार्यकर्ताओं व महिलाओं ने दारोगा के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान दारोगा की वर्दी फट गई।
दारोगा ने भागकर अपनी जान बचाई। सूचना पाकर सीओ मौके पर पहुंच गए, लेकिन सीओ के सामने ही व्यक्ति को छुड़ाने के लिए कार्यकर्ताओं ने महिलाओं के साथ मिलकर हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया। मामला बढ़ता देख पुलिस के हाथ-पांव फूल गए।
पुलिस ने आनन-फानन में आरोपी को छोड़ दिया। थानाध्यक्ष रणवीर ने कहा कि दारोगा से मारपीट की जानकारी नहीं है। पीड़ित ने थाने में केवल मौखिक शिकायत की थी, इसलिए युवक को छोड़ दिया गया। भाजपा नगर अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंघल ने कहा कि पुलिस से मारपीट नहीं की गई है।
News Source: jagran.com
Comments are closed.