विदेशी मुद्रा भंडार 16.72 करोड़ डॉलर बढ़ा

मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 21 दिसंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान 16.72 करोड़ डॉलर बढ़कर 393.28 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इससे पिछले सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार 61.39 करोड़ डॉलर घटकर 393.12 अरब डॉलर रह गया था। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान कुल भंडार का महत्वपूर्ण हिस्सा कही जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 10.52 करोड़ डॉलर बढ़कर 367.97 अरब डॉलर पर पहुंच गईं।

इस साल 13 अप्रैल को विदेशी मुद्रा भंडार अपने सर्वकालिक उच्चस्तर 426.02 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। उसके बाद से इसमें गिरावट का रुख रहा और इस समय यह 31 अरब डालर नीचे है। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान स्वर्ण भंडार 3.72 करोड़ डॉलर बढ़कर 21.22 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के समक्ष विशेष निकासी अधिकार भी 89 लाख डालर बढ़कर 1.459 अरब डालर हो गया।

Comments are closed.