लखनऊ । सेना का आकार और सुविधाएं कम कर रहे रक्षा मंत्रलय ने एक और बड़ा कदम उठाया है। इस बार मंत्रलय ने एक्सपर्ट कमेटी की सिफारिश का हवाला देते हुए इलेक्ट्रॉनिक एंड मैकेनिकल इंजीनियर्स (ईएमई) कोर के सभी ग्रुप से सिविल कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया को निरस्त करने का आदेश जारी किया है। इस आदेश के चलते लखनऊ सहित सभी बड़े सैन्य स्टेशनों में चल रही भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा को निरस्त कर दिया गया है।
इलेक्ट्रॉनिक एंड मैकेनिकल इंजीनियर्स (ईएमई) के स्टेशन वर्कशॉप को दो चरणों में बंद करने का आदेश रक्षा मंत्रलय ने 20 अक्टूबर को जारी किया था। अब पहले चरण में 31 मार्च 2018 तक बंद होने जा रहे वर्कशॉप में तैनात कर्मचारियों की शिफ्टिंग की तैयारी है। इसी बीच मंत्रलय ने लखनऊ सहित कई सैन्य स्टेशनों में वर्कशॉप बंद करने के आदेश के पहले से चल रही सिविल कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया भी निरस्त करने का आदेश दिया है।
इसमें ग्रुप ए, ग्रुप बी और सी श्रेणी की भर्ती प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। मंत्रलय में भर्ती प्रक्रिया से जुड़े एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के मुताबिक की उन यूनिटों में जहां अब तक नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए गए हैं, वहां भी भर्ती प्रक्रिया को तत्काल रोक दिया गया है।
क्या है ईएमई वर्कशॉप: लखनऊ सहित देश के कई सैन्य स्टेशनों के ईएमई वर्कशॉप में सिविल कर्मचारी सेना के वाहनों की मरम्मत करते हैं। कर्मचारियों की कमी के चलते सेना के वाहनों की मरम्मत का काम प्रभावित हो रहा है। यूनिटों के वाहनों को दुरुस्त करने के लिए लंबी वेटिंग चल रही है। इसे देखते हुए ही पिछले दिनों हर सैन्य स्टेशन जहां कर्मचारियों की कमी है, वहां भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी।
रविवार को होनी थी भर्ती प्रक्रिया: लखनऊ में भर्ती परीक्षा इस रविवार को होनी थी। कई सैन्य स्टेशनों में परीक्षा हो चुकी है। वहां सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। अब मंत्रलय ने भर्ती निरस्त कर दी है। साथ ही जिन वर्कशॉप में कर्मचारियों की कमी है, वहां पहले चरण में बंद हो रहे वर्कशॉप के कर्मचारी स्थानांतरित किए जाएंगे।
News Source: jagran.com
Comments are closed.