युवती से छेड़छाड़ के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 25 लोग घायल

हरिद्वार : पथरी थाना क्षेत्र के शिवगढ़ गांव में छेड़छाड़ से उपजा विवाद सोमवार रात दो पक्षों के खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दोनों तरफ से लाठी डंडे, तलवारें चलने और फायरिंग में करीब 25 लोग घायल हो गए। पथरी सहित आस पास के थानों की पुलिस को गांव भेजकर माहौल शांत कराया गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शिवगढ़ गांव में दशहरा के दिन युवती से छेड़छाड़ के बाद दो पक्षों में विवाद हो गया था। गांव के जिम्मेदार लोगों ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला निपटा दिया था। सोमवार की रात दलित पक्ष के लोग रिश्तेदारी में गांव से बाहर जा रहे थे। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उनपर हमला बोल दिया। जिसके बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से मारपीट होने लगी। तलवार जैसे धारदार हथियार निकलने पर झगड़ा खूनी संघर्ष का रूप ले गया।

कुछ ही देर में पथराव शुरु हो गया और फायरिंग होने लगी। करीब आधे घंटे तक विवाद होने पर सूचना पुलिस तक पहुंची। पथरी पुलिस गांव में पहुंची और हालात को देखते हुए आला अधिकारियों को विवाद की जानकारी दी। तनाव को देखते हुए आस पास के थानों से भी पुलिस शिवगढ़ भेजी गई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। देर रात तक गांव में पुलिस ने डेरा डाला हुआ था।

एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने बताया कि गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। शांति व्यवस्था को देखते हुए गांव में पर्याप्त पुलिस बल भेजा गया है, एहतियात के तौर पर पीएसी भी भेजी जा रही है। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस गम्भीरता दिखाती तो न होता खूनी संघर्ष

 छेड़छाड़ की घटना गांव के अलग अलग जाति के दो पक्षों के बीच होने के बावजूद पुलिस ने गम्भीरता से नहीं लिया। गांव के जिम्मेदार लोगो ने उस दिन तो विवाद शांत करा दिया, लेकिन रंजिश की चिंगारी अंदर ही अंदर सुलगती रही। यदि पुलिस दशहरे के दिन घटना का संज्ञान लेकर ज़रूरी कार्रवाई कर देती तो शायद छेड़छाड़ का विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील न होता। वहीं एसएसपी का कहना है इस बारे में जानकारी ली जाएगी कि चूक किस स्तर पर हुई है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

News Source: jagran.com

Comments are closed.