‘आस्था के साथ खिलवाड़, छठ पूजा को लेकर सियासत कर रही केजरीवाल सरकार’

नई दिल्ली । भाजपा ने दिल्ली सरकार पर छठ पूजा को लेकर सियासत करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि छठ पूजा के लिए घाटों को दुरुस्त करने का काम नहीं चल रहा है। वहीं, छठ पूजा समितियों पर मुख्यमंत्री की तस्वीर वाले होर्डिंग लगाने का दबाव डाला जा रहा है। दिल्ली सरकार के रवैये को देखते हुए नगर निगमों को घाट पर जरूरी व्यवस्था करने को कहा गया है।

यमुना के किनारों पर गंदगी के ढेर

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी का कहना है कि दिल्ली सरकार लाखों लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है। सिर्फ कागजों पर छठ घाट की तैयारी हो रही है। यमुना के किनारों पर गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। पिछले कई वर्षों से लोग पार्कों में भी छठ पूजा करते हैं, लेकिन इस वर्ष अब तक घाट बनाने का काम शुरू नहीं हुआ है। एक सप्ताह के बाद छठ पूजा है जिसकी तैयारी में लोग जुट गए हैं, लेकिन केजरीवाल सरकार छठ घाटों की तैयारी पर ध्यान देने के बजाय जनता को गुमराह कर रही है।

भाजपा कार्यकर्ता श्रमदान करेंगे

उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारियों पर बिना विधायकों की अनुमति के किसी घाट समिति को सहयोग न देने का दबाव है। तिवारी ने कहा है कि मुख्यमंत्री और उनकी सरकार के भरोसे छठ पूजा की तैयारी नहीं छोड़ी जा सकती है। इसलिए उन्होंने दिल्ली के तीनों नगर निगमों को पत्र लिखकर छठ घाटों की सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं करने का अनुरोध किया है। इसके साथ ही भाजपा कार्यकर्ता श्रमदान कर भाजपा के कार्यकर्ता नगर निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों का मनोबल बढ़ाएंगे।

News Source: jagran.com

Comments are closed.