OMG… क्‍या टीवी पर फिर साथ Comedy करते नजर आएंगे कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर!

नई दिल्‍ली: इस साल मई में फ्लाइट में हुए झगड़े के बाद सालों से टीवी पर साथ नजर आ रहे कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर अलग हो गए और इस खबर के साथ ही उनके कई फैन्‍स का भी दिल टूट गया. लेकिन अब इन दोनों के फैन्‍स के लिए एक खुशखबरी है. खबर है कि टीवी के यह दो दिग्‍गज कॉमेडियन फिर से साथ आने वाले हैं. दरअसल कपिल शर्मा कोशिश कर रहे हैं कि वह फिर से सुनील ग्रोवर को अपने साथ अपने शो पर ला सकें. दरअसल मिड-डे से बात करते हुए कपिल शर्मा ने बताया है कि वह फिर से सुनील ग्रोवर के साथ काम करने के लिए काफी एक्‍साइटेड हैं. सुनील इस समय कनाडा में हैं. कपिल शर्मा ने कहा, ‘वह इस समय कनाडा में है. जैसे ही वह वापस आएगा, हम दुबारा मिलेंगे और एक नया शो शुरू करने की संभावनाओं पर बात करेंगे. उम्‍मीद है कि हम साथ में नजर आएंगे.’

कपिल का यह बयान काफी मायने रखता है क्‍योंकि इन दोनों के फैन्‍स लंबे समय से इनके साथ आने की बात रहते रहे हैं. कपिल ने कहा, ‘हमारे शो के बाकी के साथी भी दुबारा साथ आने को तैयार हैं.’ बता दें कि इस झगड़े के बाद चंदन प्रभाकर, अली असगर, सुगंधा मिश्रा और सुनील यह शो छोड़कर चले गए थे. खबरें थी कि कपिल ने सुनील पर गुस्‍से में जूता फेंक कर मारा था और इस झगड़े के बाद कप‍िल से दूरी बना ली थी.

बता  दें कि साल 2014 में भी सुनील ग्रोवर कपिल का शो छोड़कर चले गए थे और उन्‍होंनें अपना शो ‘मैड इन इंडिया’ शुरू किया था. सुनील का यह शो ज्‍यादा नहीं चल सका और आखिरकार सुनील फिर से कपिल के शो में वापिस आ गए थे. वहीं कपिल शर्मा की बात करें तो वह इन दिनों अपनी फिल्‍म ‘फिरंगी’ की शूटिंग में बिजी हैं. यह कपिल शर्मा के प्रोडक्‍शन हाउस की पहली फिल्‍म है. इस फिल्‍म का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसे काफी पसंद भी किया जा रहा है.

News Source: khabar.ndtv.com

Comments are closed.