मौनी को इस सवाल से हो जाती है तकलीफ

छोटे पर्दे पर नागिन की भूमिका निभाकर लोगों के रोंगटे खड़े कर देने वाली अभिनेत्री मौनी रॉय अब अक्षय कुमार स्टारर फिल्म ‘गोल्ड’ से बॉलीवुड डेब्यू कर चुकी हैं। फिल्म ने 15 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है। इससे पहले तक मौनी फिल्म प्रमोशन में बिजी रहीं। यह तो सभी जानते हैं कि मौनी रॉय को सलमान ने काफी आगे बढ़ाया,

लेकिन क्या यह सच है कि सलमान ने ही बॉलीवुड में उन्हें पहला ब्रेक दिलवाया? इस सवाल पर मौनी रॉय कहती हैं कि ‘अगर इस सवाल के जवाब में सच कहूं तो आपको यह सवाल तो रितेश जो कि गोल्ड फिल्म के निर्माता हैं से पूछना चाहिए।’ इसके साथ ही फिल्म से जुड़ी कुछ बातें बताते हुए उन्होंने कहा कि ‘मेरी बॉलीवुड डेब्यू फिल्म में सलमान खान किसी तरह का कोई रोल करने ही वाले नहीं थे,

ऐसे में मुझे नहीं मालूम कि इस तरह की खबरें आती कहां से हैं और मैं हैरान हूं कि मेरे लिए कोई ऐसा क्यों करेगा। दस साल तक अभिनय करने के बाद भी यह सब सुनना अविश्वसनीय होता है और एक बंगाली होने के नाते, क्या मैं खुद से कोई बंगाली कैरेक्टर को अदा नहीं कर सकती? इस तरह के सवाल दिल तोड़ देने जैसे होते हैं।’

मौनी रॉय की मानें तो इस तरह की झूठी खबरें तो आती ही रहती हैं, पर अफसोस इस बात का है कि अभिनय के लिए मीडिया कभी उन्हें कोई श्रेय नहीं देता है, यही वजह है कि लोग कहते सुने जाते हैं कि सलमान की वजह से मौनी को फिल्मी दुनिया में कदम रखने को मिला है। बहरहाल अब देखना यह है कि मौनी अब बॉलीवुड में क्या कमाल कर पाती हैं।

Comments are closed.