उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में 13 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित

लखनऊ । विधान परिषद की 13 सीटों पर गुरुवार को नामांकन वापसी का समय समाप्त होने के बाद सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। भाजपा के दस, भाजपा समर्थित अपना दल (एस) के एक और सपा-बसपा के एक-एक सदस्य निर्विरोध चुन लिए गए। निर्वाचन अधिकारी अशोक चौबे ने उम्मीदवारों के निर्वाचन की घोषणा के साथ उन्हें प्रमाण पत्र भी सौंप दिया। विधान भवन पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर ने निर्वाचित भाजपा सदस्यों को बधाई दी।

सपा से नरेश उत्तम और बसपा से भीमराव

आज बसपा के भीमराव अम्बेडकर, सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, भाजपा से योगी सरकार के स्वतंत्र प्रभार के राज्यमंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, राज्यमंत्री मोहसिन रजा, यशवंत सिंह, सरोजिनी अग्रवाल, बुक्कल नवाब और जयवीर सिंह (परिषद सदस्यता से इस्तीफा देकर भाजपा में हुए थे शामिल) भाजपा प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, अशोक कटारिया व विद्यासागर तथा पूर्व कोषाध्यक्ष अशोक धवन और अपना दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष सिंह पटेल निर्विरोध निर्वाचित घोषित किये गये। इनमें सभी सदस्यों ने अपना प्रमाण पत्र लिया, लेकिन डॉ. महेंद्र सिंह कर्नाटक में होने की वजह से नहीं पहुंच सके थे। महेंद्र सिंह के भाई ने उनका प्रमाण पत्र लिया।

पहली बार अपना दल को मिला एमएलसी

निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को नामांकन वापसी में किसी भी उम्मीदवार ने नाम वापस नहीं लिया। मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच में सभी पर्चे वैध पाये गये थे। चूंकि 13 सीटों के लिए 13 उम्मीदवार ही चुनाव मैदान में थे इसलिए सभी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। इससे 26 अप्रैल को होने वाले मतदान की जरूरत नहीं पड़ी। इस चुनाव में पहली बार विधान परिषद में अपना दल एस का भी खाता खुल गया। निर्वाचित घोषित किये जाने के बाद भाजपा गठबंधन के सभी 11 सदस्यों ने जीत की खुशी मनाई। विधानमंडल स्थित भाजपा कक्ष में पहुंचकर समूह में फोटोग्राफी कराई। मुख्यमंत्री योगी ने बधाई के साथ सबको आशीर्वाद दिया।

Comments are closed.