कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
समग्र समाचार सेवा मुंबई, 26 मई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सोमवार को तेज बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम ने अचानक करवट ली।मुंबई, 26 मई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सोमवार को तेज बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम ने अचानक करवट ली। इस भीषण बारिश के कारण निर्माणाधीन एक्वा लाइन 3 के अचार्य अत्रे चौक मेट्रो स्टेशन में भारी जलभराव हो गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुंबई मेट्रो की यह लाइन अभी निर्माणाधीन है और बारिश से सुरक्षा के लिए लगाए गए अस्थायी बैरियर तेज बहाव के चलते टूट गए। इसके चलते भारी मात्रा में पानी स्टेशन के अंदर घुस गया और स्टेशन की सीढ़ियों से नीचे की ओर बहने लगा।
घटनास्थल से आई तस्वीरों और वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे पानी तेजी से स्टेशन की सीढ़ियों से नीचे बह रहा है और लोग अपनी पैंटें मोड़कर ऊपर की ओर चढ़ते नजर आ रहे हैं। कई यात्रियों को अचानक हुई इस स्थिति के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुंबई मेट्रो प्रशासन ने स्थिति को ‘मामूली जलभराव’ बताया है और कहा है कि तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया गया था। अधिकारियों के अनुसार, जलनिकासी की व्यवस्था जल्द से जल्द की गई और पानी निकालने का कार्य प्रगति पर है।
हालांकि, इस घटना ने मेट्रो निर्माण की तैयारियों और बारिश से सुरक्षा के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों ने चिंता जताते हुए कहा कि अगर निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही ऐसी स्थिति बन गई, तो भविष्य में हालात और भी बदतर हो सकते हैं।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक मुंबई में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी है। ऐसे में मेट्रो प्रशासन और नगर निगम के लिए यह एक बड़ा अलर्ट है कि निर्माण स्थलों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाए।
कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Comments are closed.