जैसलमेर हाईवे पर आग का कहर: धधकती बस में 12 की मौत

वार म्यूजियम के पास भीषण आग की चपेट में आई प्राइवेट बस; मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने जताया दुख, घायलों के लिए राहत कार्य जारी

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

  • जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर चलते-चलते बस में लगी भीषण आग
  • 12 यात्रियों की मौत, कई गंभीर रूप से झुलसे
  • राहत और बचाव कार्य में स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों ने निभाई अहम भूमिका
  • मुख्यमंत्री ने घायलों के इलाज के निर्देश दिए और जांच के आदेश

समग्र समाचार सेवा
जैसलमेर, 14 अक्टूबर:
राजस्थान के जैसलमेर जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां जोधपुर जा रही एक प्राइवेट बस में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना वार म्यूजियम के पास हुई, जब बस में बैठे 57 यात्री अचानक धुएं और लपटों से घिर गए। घबराए यात्रियों की चीख-पुकार के बीच कई लोगों ने खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन 12 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। गंभीर रूप से झुलसे यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बस की बिजली व्यवस्था या इंजन में संभावित शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर इलाज के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश भी जारी किए हैं। इस भीषण घटना ने जैसलमेर और आसपास के क्षेत्र को दहला दिया है

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!


Comments are closed.