प्रदेश में अब सुरक्षा भी मिलेगी और विकास भी होगा : योगी आदित्यनाथ

मुजफ्फरनगर। निकाय चुनाव में जोरदार ढंग से उतरने की तैयारी में लगी भारतीय जनता पार्टी के प्रचार अभियान की कमान सीएम योगी आदित्यनाथ ने संभाल ली है। आज से उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश से अपना प्रचार अभियान शुरू किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुजफ्फरनगर ने चार वर्ष पहले बड़ी मुसीबत झेली है। अब इस तरह की कोई मुसीबत न हो, इस कारण से मैं अपील करने आया हूं। उन्होंने कहा कि हमने तो सत्ता संभालते ही उन सभी काम को करने का बीड़ा उठा लिया, जो पिछली सरकार नहीं कर सकीं। हमने अवैध बूचडख़ानों को 24 घंटे में बंद करा दिया। इसके साथ ही प्रदेश को विकास की पटरी पर दौड़ा दिया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार सभी अवैध धंधे कराती थी। उनको जो काम करने में पांच-दस साल लग गया, हमने 24 घंटे में अवैध बूचडख़ाने को बंद किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसानों के चेहरे पर खुशी लाने के लिए किसानों की आमदनी दोगुनी करनी होगी। हमारी सरकार किसानों को खुश कर रही है। प्रदेश का जो किसान प्रताडि़त था, उसके साथ हमने न्याय किया। हमने 86 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। इनमें 40 हजार किसान तो मुजफ्फनगर जिले के थे। हमने प्रदेश में किसानों का गन्ना मूल्य का पूरा भुगतान कराया है। हम अब तक 600 करोड़ रुपया का भुगतान करा चुके हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा का 652 स्थानों पर पूर्ण बहुमत में आता है तो प्रदेश में हर जगह बिजली व पानी के साथ ही नगर निकाय में विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी के हालात खराब हैं। न सफाई है, न पानी है और तो और जाम में जूझना पड़ता है। स्ट्रीट लाइट लगवाएंगे जो पूरे शहर में एक जैसी होगी। अतिक्रमण हटाया जाएगा जिसका खाका तैयार कर लिया गया है। हमको तो घर घर तक पानी पहुंचना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुंडागर्दी के कारण व्यापारी भाग रहा था। अब ऐसा नही है। बदमाश सरेआम नही घूम सकता। या तो जेल जाना होगा या फिर यमराज के पास। कानून के साथ खिलवाड़ नही होने दिया जाएगा। हम प्रदेश में सुरक्षा भी देंगे विकास भी देंगे।

 

कावड़ व जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा ने पुलिस लाइन में जन्माष्टमी का आयोजन बंद कर दिया था। अब मनाई जा रही है। इस बार कावड़ यात्रा में सब कुछ बजा। आगे भी बजेगा। यह तो बेहद हास्यापद है, अरे कांवड़ यात्रा निकल रही है कोई शव यात्रा नही। इस बार सावन में चार करोड़ श्रद्धालु सड़क पर थे, लेकिन कोई अप्रिय घटना नही हुई।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में गरीबों को मकान तथा बिजली कनेक्शन देने में किसी के साथ भी भेदभाव नही हुआ। 11 लाख लोगों को मकान व 20 लाख को बिजली का कनेक्शन दिया गया। कोई भेदभाव नही किया। गोरखपुर को बिजली तब मिलेगी जब पूरे प्रदेश को मिलेगी 19 से 20 तहसील व 16 घंटे ग्रामीण क्षेत्र में बिजली दी जा रही। कनेक्शन डार्क जोन में भी दिए जा रहे है। ट्यूबवेल का कनेक्शन किसानों के लिए कोई रोक नही है। सुकरताल के विकास के लिए एक कार्ययोजना तैयार कर ली है। जल्द ही शुक्रताल का विकास होगा।

इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ के स्वागत में पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा सांसद संजीव बालियान समेत सभी विधायक पहुंचे। संजीव बालियान ने बुके देकर सीएम का सम्मान किया। सभी विधायकों ने बड़ी माला पहनाई। संजीव बालियान ने इस मौके पर मंच से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट के बेंच की मांग करने के साथ ही किसानों के गन्ना मूल्य का भुगतान तथा बिजली की अच्छी आपूर्ति के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।

 

आजम ने किया उत्तर प्रदेश का नाश

इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि जिले के निकाय चुनाव की जनसभा में आये सभी का स्वागत है। योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में लोगो ने भाजपा की जीत पक्की कर दी है। केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार ने किसान, नौजवान व व्यापारियों के हित में काम किया है। उन्होंने आजम खां का नाम तो नहीं लिया, लेकिन निशाना साधा। पाण्डेय ने कहा कि अखिलेश यादव सरकार में उलटी खोपड़ी का मंत्री था। आजम खां ने प्रदेश का नाश कर दिया। मुख्यमंत्री सभा स्थल पर बने हैलीपैड पर हेलीकाप्टर से उतरे।

NEWS SOURCE :- www.jagran.com

Comments are closed.