व्हाट्सएप के एंड्रॉयड बीटा वर्जन पर आया QR कोड पेमेंट्स फीचर, इस तरह करें इस्तेमाल

नई दिल्ली । व्हाट्सएप के UPI फीचर का यूजर्स को फरवरी महीने से इंतजार था। अब यह पेमेंट फीचर लेटेस्ट एंड्रॉयड बीटा वर्जन पर रोल आउट हो गया है। एंड्रॉयड बीटा वर्जन के व्हाट्सएप पर QR कोड पेमेंट विकल्प उपलब्ध करा दिया गया है। जैसे की नाम से पता चलता है, इस फीचर की मदद से QR कोड स्कैन करने पर पेमेंट की जा सकेगी। इससे पेमेंट करना आसान हो जाएगा।

कहां आएगा नया फीचर? व्हाट्सएप के लेटेस्ट एंड्रॉयड बीटा वर्जन 2.18.93 पर QR कोड फीचर उपलब्ध करवाया गया है। इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। अगर आपने अपने व्हाट्सएप पर व्हाट्सएप पेमेंट विकल्प को पहले से इनेबल किया हुआ है तो आप सेटिंग्स में पेमेंट्स विकल्प में जा सकते हैं। इसके अंतर्गत स्क्रॉल कर के नए पेमेंट मेथड का चयन किया जा सकता है। यहां आपको दो विकल्प मिलेंगे। पहला विकल्प, UPI ID का होगा और दूसरा, स्कैन QR कोड का विकल्प होगा। दूसरे विकल्प का चयन करने के बाद आपके सामने QR कोड स्कैनिंग स्क्रीन आ जाएगी। इसके बाद आपसे पूछा जाएगा की आप कितनी राशि भेजना चाहते हैं? इसी के साथ आपसे वेरिफिकेशन के लिए UPI पिन भी मांगा जाएगा।

सेंड टू UPI आईडी फीचर भी उपलब्ध: व्हाट्सएप पेमेंट फीचर को फरवरी में एंड्रॉयड यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया गया था। UPI पर आधारित पेमेंट फीचर की मदद से यूजर्स अपनी कॉन्टैक्ट लिस्ट में से लोगों को पैसे भेज सकते हैं। इस फीचर के रोल आउट के बाद पेटीएम ने व्हाट्सएप पर UPI पेमेंट के दिशानिर्देशों का पालन ना करने का आरोप लगाया था। इस आलोचना के बाद व्हाट्सएप ने UPI ID पेमेंट विकल्प को रोल आउट किया था। इस फीचर को सेंड टू UPI आईडी का नाम दिया गया था। इस फीचर के तहत यूजर्स सीधा UPI आईडी पर ही पैसे भेज पाएंगे। एक दिन में व्हाट्सएप UPI के जरिए 20 UPI पेमेंट और 1 लाख रुपये तक भेजे जा सकते हैं।

अगर आप व्हाट्सएप QR कोड पेमेंट विकल्प का व्हाट्सएप पर प्रयोग करना चाहते हैं तो आपको गूगल प्ले स्टोर पर जाकर लेटेस्ट वर्जन 2.18.93 डाउलोड करना होगा। अभी के लिए यह फीचर सिर्फ बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध है। उम्मीद है की इसे इसे जल्द ही एप के स्टेबल वर्जन पर भी उपलब्ध कराया जाएगा।

Comments are closed.