आइपीएल के दो प्लेऑफ मैच अब पुणे की जगह कोलकाता में खेले जाएंगे

कोलकाता। आइपीएल-11 के दो प्लेऑफ मैच अब पुणे के बदले कोलकाता में होंगे। आइपीएल की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन राजीव शुक्ला ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि 23 मई को होने वाला एलिमिनेटर व 25 मई को निर्धारित क्वालीफायर-2 मैच अब कोलकाता के ईडन गार्डेंस स्टेडियम में होंगे।

पहले इन दोनों प्लेऑफ मुकाबलों का आयोजन पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट संघ अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होना सुनिश्चित हुआ था। हालांकि, दैनिक जागरण ने सबसे पहले यह बताया था कि पुणे से प्लेऑफ शिफ्ट होंगे और इसकी मेजबानी का प्रबल दावेदार कोलकाता है। बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) के संयुक्त सचिव अभिषेक डालमिया ने कहा, ‘हम प्लेऑफ मैचों की मेजबानी पाकर काफी खुश हैं और इसका इंतजार कर रहे हैं।

मालूम हो कि तमिलनाडु में चल रहे कावेरी विवाद को लेकर सुरक्षा कारणों से पुणे को छह मैचों के लिए चेन्नई सुपर किंग्स का घरेलू मैदान बनाया गया है। इसलिए दो प्लेऑफ मैचों को वहां से 67,000 दर्शकों की क्षमता वाले ईडन गार्डेंस में स्थानांतरित किया गया है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 22 मई को क्वालीफायर-1 व 27 मई को फाइनल होगा। कोलकाता नाइटराइडर्स के अंतिम चार में जगह बनाने की अच्छी संभावनाएं हैं। ऐसे में किंग खान की टीम को अपने घरेलू मैदान में नॉकआउट राउंड के मैच खेलने का अवसर मिल सकता है।

Comments are closed.