टोक्यो ओलंपिक अब 23 जुलाई 2021 को होगा शुरू

  • कोरोना की वजह से एक साल के टाला गया था टोक्यो ओलंपिक
  • सोमवार को किया गया नई तारीखों का एलान
  • पहले 24 जुलाई 2020 से शुरू होने वाले थे खेल
  • सुबह से ही नई तारीखों को लेकर अटकलें तेज थी

न्यूज़ डेस्क : कोरोना वायरस के चलते एक साल के लिए टाल दिए गए टोक्यो ओलंपिक की नई तारीखों की घोषणा सोमवार को हो गई। टोक्यो ओलंपिक के आयोजनकर्ताओं ने बताया कि अब 23 जुलाई 2021 को ओपनिंग सेरेमनी और समापन समारोह आठ अगस्त 2021 को होंगे। पैरालंपिक खेल 24 अगस्त 2021 से पांच सितंबर 2021 के बीच होंगे। मगर इन खेलों को टोक्यो 2020 के नाम से ही पहचाना जाएगा। इसके पहले ये खेल 24 जुलाई 2020 से शुरू होने वाले थे, जिन्हें भारी दबाव के बाद टाल दिया गया था।

 

ऐसी भी अटकलें थी कि खेलों को बसंत के महीने में कराया जाए जब जापान में चेरी ब्लॉसम के खिलने का समय होता है, लेकिन उस समय यूरोपीय फुटबॉल और उत्तर अमेरिकी खेल लीग होती है। टोक्यो आयोजन समिति के प्रमुख योशिरो मोरी और सीईओ तोशिरो मुतो ने कहा था कि नई तारीखों पर खेलों के आयोजन की लागत बहुत अधिक होगी।

 

स्थानीय रिपोर्ट्स की माने तो यह लागत अरबों डॉलर बढ़ जाएगी और इसका बोझ जापान के करदाताओं पर पड़ेगा। मुतो ने लागत की गणना में पारदर्शिता बरतने का वादा किया। जापान आधिकारिक तौर पर ओलंपिक की मेजबानी पर 12.6 अरब डॉलर खर्च कर रहा है। जापानी सरकार के एक आडिट ब्यूरो ने हालांकि कहा कि लागत इसकी दोगुनी है।

 

ओलंपिक टालने का था भारी दबाव

दरअसल, कोरोना के कहर के बाद सिर्फ दुनिया की रफ्तार ही नहीं थमी, बल्कि एक के बाद एक कई इंटरनेशनल खेल इवेंट्स भी रद्द कर दिए गए थे। ‘खेलों का महाकुंभ’ कहलाए जाने वाला ओलंपिक भी एक साल के लिए आगे बढ़ा दिया गया था। यह पहला मौका था, जब किसी महामारी के वजह से ओलंपिक अपने तय समय पर शुरू नहीं हो पाया।

 

कोरोना वायरस के प्रकोप से परेशान होकर कनाडा ने एलान किया था कि वह टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा नहीं लेगा। इसके ठीक बाद ऑस्ट्रेलियाई ओलंपिक कमिटी ने भी अपने खिलाड़ियों को कहा था कि वे सभी अगले साल यानी 2021 को ध्यान में रखते हुए ओलंपिक की तैयारियां करें।

अमेरिका और न्यूजीलैंड की ओर से भी ओलंपिक को एक साल के लिए टालने का दबाव बन था। ओलंपिक खेलों के लिए जापान के स्टेडियम काफी पहले ही तैयार हो गए थे और बड़ी संख्या में टिकट भी बिक गए थे, कोरोना के कारण अब जापान को अरबों का नुकसान झेलना पड़ रहा है।

 

Comments are closed.