नशीला पानी पिलाकर मौलवी ने महिला को किया था बेहोश, फिर पति ने देखी हकीकत

गाजियाबाद । छेड़छाड़ के आरोपी मौलवी को पुलिस अभी तक भले ही गिरफ्तार नहीं कर सकी है, लेकिन मौलवी की करतूत लगातार सामने आ रही हैं। आरोपी मौलवी महिला को जब इलाज करने के बहाने अपने पास बुलाता था तो वह उन्हें पानी में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर देता था। मौलवी के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराने वाली महिला को भी मौलवी ने बेहोश किया था।

महिला ने दिखाई हिम्मत 

लड़का पैदा होने समेत विभिन्न समस्याओं का इलाज करने का दावा करने वाले मौलवी के बारे में लोकलाज के कारण भले ही दूसरी महिलाओं ने अब से पहले मुंह नहीं खोला है, लेकिन एक महिला के हिम्मत जुटाकर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद आरोपी की नई-नई करतूत सामने आ रही हैं।

इलाज के नाम पर देता था पदार्थ मिलाकर  

समस्या लेकर जाने वाली महिलाओं को मौलवी इलाज करने के नाम पर पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर देता था और उसे अभिमंत्रित बताकर महिलाओं को पिलाता था। बकायदा वह महिलाओं से यह भी कहता था कि इस पानी को पीने के बाद हल्की बेहोशी आएगी, लेकिन डरना मत यह पानी पीने के बाद हर इच्छा पूरी होती है।

कुछ ऐसी की करतूत सामने उसने पीड़ित महिला के साथ भी की थी। मौलवी ने महिला को भीतर कमरे में बुलाया था जबकि उसके पति को बाहर बैठा दिया था। मौलवी द्वारा दिया गया पानी पीने के बाद महिला बेहोश हो गई थी। इसके बाद मौलवी ने उसके साथ क्या किया, इस बारे में उसे पता नहीं।

निर्वस्त्र थी महिला 

महिला के काफी देर तक बाहर न आने पर जब पति ने भीतर जाकर देखा तो वह निर्वस्त्र थी जबकि मौलवी गुल्फाम कमरे के बाहर घूम रहा था। आधा घंटे बाद महिला को होश आया तो उसने विरोध किया, इस पर मौलवी ने उसके परिवार को बर्बाद करने की धमकी दी। इसके बाद वह इसकी शिकायत लेकर थाने पहुंचे।

महिला ने आरोप लगाया कि उसने यह बात मोदीनगर पुलिस को भी बताई, जहां उसकी बात नहीं सुनी गई। थाने के सिपाही ने उसे डरा कर उससे दुष्कर्म की बजाय छेड़छाड़ की तहरीर लिखवा ली। इस बारे में सीओ राजकुमार सिंह का कहना है कि आरोपी मौलवी की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा। सीओ ने बताया कि मौलवी ने अब से पहले भी यदि ऐसी घटनाएं की हैं, इसकी छानबीन चल रही है।

News Source: jagran.com

Comments are closed.