रानी करेंगी किशोर अपराध दर पर कॉलेज छात्रों के साथ राष्ट्रव्यापी संवाद!

  न्यूज़ डेस्क : देश भर में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों से प्रेरित रानी मुखर्जी की मर्दानी 2 अपनी बेहतरीन स्टोरी लाइन के साथ देशभर में चर्चा का विषय बन गई है। इस थ्रिलर में रानी को व्यवस्थित ढंग से महिलाओं को टारगेट करने वाले एक क्रूर सीरियल रेपिस्ट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए देखा जाएगा। मर्दानी 2 भारत में बाल अपराधियों द्वारा अंजाम दिए जाने वाले हिंसक अपराधों में हो रही वृद्धि पर केंद्रित है जो निश्चित रूप से युवा लड़कियों पर मंडरा रहे इस खतरे पर चर्चा की शुरूआत करेगा।

 

 

फिल्म के विषय ने युवाओं, विशेष रूप से युवा लड़कियों और उनके परिवारों में काफी दिलचस्पी पैदा की है, और इसे देखते हुए रानी भारत में फिल्म के प्रमोशेन के दौरान कुछ कॉलेजों में भी जाएंगी। सबसे दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने अपनी टीम से बात करते हुए वीमेन डेवलपमेंट सेल की सदस्यों से मिलने की इच्छा भी जतायी ताकि वे छात्राओं के लिए कॉलेजों को सुरक्षित बनाने की दिशा में उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यों को समझ सकें। इस दौरान रानी कॉलेज के छात्र-छात्राओं से भी बातचीत करेंगी ताकि उन्हें यौन हिंसा और इन्हें अंजाम देने वालों के प्रति जागरुक किया जा सके।

 

फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि “रानी युवाओं को सशक्त बनाने के लिए जागरूकता बढ़ाना चाहती हैं, ताकि वे हिंसक व्यवहारों को पहचान सकें और खुद को इससे बचाने के उपाय भी तलाश सकें। वे पूरे भारत में लड़कों और लड़कियों को एकजूट कर अपने भीतर अवर्णनीय क्रोध समेटे, इन बेनाम, छुपे हुए बाल अपराधियों के बारे में चर्चा करना चाहती हैं, जिनका मकसद केवल और केवल यौन हिंसा को अंजाम देना होता है। रानी देश भर में घटित घटनाओं और तथ्यों को छात्रों के समक्ष पेश करेंगी और उन्हें एक दूसरे का सहयोग करने के लिए कहेगीं। सूत्र ने बताया कि प्रमोशन के दौरान वे देश के 8 राज्यों का दौरा करने के साथ ही इस महत्वपूर्ण संदेश को फैलाने के लिए अपनी ओर से कुछ करना चाहती हैं।”

 

रानी कहती हैं, “उम्र के लिहाज से कॉलेज के बच्चे अपने खिलाफ व्याप्त इस खतरे के प्रति काफी संवेदनशील होते हैं और हम सभी अपने बच्चों को सुरक्षित रखने के साथ ही एक बेहतर भविष्य देना चाहते हैं, इस कारण परिवार के लोगों में हमेशा डर की भावना बनी रहती है। मैं अपने अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक छात्रों के साथ जुड़ना चाहती हूं और किशोरों द्वारा भारत में युवा महिलाओं के खिलाफ किए गए हिंसक अपराधों में तेजी से हो रही वृद्धि के प्रति जागरूकता लाना चाहती हूं।”

 

उन्होंने कहा, “मैं विद्यार्थियों द्वारा कॉलेज परिसर में सामना किए जा रहे इस महत्वपूर्ण और सामाजिक मुद्दे पर जागरुकता बढ़ाने की जानकारी प्राप्त करने के लिए देश के कॉलेजों के महिला प्रकोष्ठ की सदस्यों के साथ बैठक और बातचीत भी कर रही हूं। उन्होंने कहा कि छात्रों को इस खतरे से अवगत कराने की आवश्यकता है, क्योंकि यह खतरा उनके साथ चलते समय, उनके आसपास बैठे हुए और लगातार उन्हें शिकार के रूप में देखते हुए, हर वक्त उनके साथ मौजूद रहता है। जहां हम अपने बच्चों खासकर बेटियों की परवरिश कर रहे हैं, वह दुनिया काफी मुश्किल भरी है, और हमें किसी भी कीमत पर उनकी रक्षा करनी है। उम्मीद करती हूं कि मैं ज्यादा से ज्यादा लोगों तक जागरूकता का संदेश पहुंचा सकूं।”

 

मर्दानी 2 में रानी एक निर्भीक और प्रतिबद्ध पुलिस अधीक्षक, शिवानी शिवाजी रॉय की भूमिका को दोहरा रही है। सुपरहिट और बेहद प्रशंसित प्रीक्वल मर्दानी में उन्होंने बेहतरीन परफॉरमेंस दिया था, जहां उनके निशाने पर एक चाइल्ड ट्रैफिकिंग गिरोह का माफिया होता है। मर्दानी 2 में, रानी शुद्ध बुराई का अवतार कहे जाने वाले एक युवा और सबसे खतरनाक खलनायक के विरुद्ध नजर आएंगी।

 

250 करोड़ रुपए की कमाई करने वाली वैश्विक ब्लॉकबस्टर हिचकी के बाद, आदित्य चोपड़ा द्वारा निर्मित, मर्दानी 2 रानी की अगली रिलीज़ होगी। मर्दानी 2 आगामी 13 तारीख को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है।

Comments are closed.