लव मैरिज करने वाली युवती थाने में जाकर बोली, अब तुम नहीं रहे मेरे वैलेंटाइन

गाजियाबाद । वेलेंटाइन डे पर जहां लोग इजहार-ए-मुहब्बत कर रहे थे, वहीं फेसबुक की दोस्ती और प्यार के बाद हुई शादी टूटने के कगार पर पहुंच गई। बुधवार को महिला ने इंदिरापुरम थाने में शिकायत देकर पति को कहा कि तुम मेरे वेलेंटाइन नहीं रहे। पति पर बेवफाई का आरोप लगा रही पत्नी को पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। अंत में रिश्ता तोड़कर उसने अपना सामान उठाया और दिल्ली स्थित मायके चली गई।

इंदिरापुरम के न्यायखंड निवासी युवक नोएडा की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। आठ माह पहले युवक की फेसबुक पर दिल्ली के उत्तम नगर की रहने वाली युवती से दोस्ती हुई थी। दोनों एक-दूसरे से बात करने लगे और फिर प्रेम हो गया। इसके बाद दोनों ने परिजनों के खिलाफ जाकर शादी कर ली। हालांकि, बाद में दोनों के परिजन मान गए।

युवती अपने पति के साथ इंदिरापुरम में रहने लगी। सात माह तक दोनों के बीच सब कुछ अच्छा चला, मगर धीरे-धीरे रिश्ते में खटास आने लगी।

पति को बताया बेवफा

महिला का कहना है कि उसके पति ने हमेशा ख्याल रखने, प्यार करने और कभी धोखा न देने का वादा किया था। साथ जीने और मरने की कसम खायी थी। अब पति उस पर शक करता है। किसी और से अवैध संबंधों का आरोप लगाता है। जबकि महिला का कहना है कि उसके पति का किसी सहकर्मी युवती के साथ संबंध है। उसने कई बार वाट्सएप पर भी मैसेज देखा है।

वेलेंटाइन डे के दिन टूटा प्यार का रिश्ता

पति का कहना है कि उसकी पत्नी के दूसरे व्यक्ति से अवैध संबंध हैं। वह रोज उससे झगड़ा करती है। साथ ही जेल भिजवाने की धमकी भी देती है। इंदिरापुरम थाने में पहुंची महिला ने पुलिस को पति के खिलाफ शिकायत दी और दिल्ली स्थित अपने मायके चली गई।

महिला ने पुलिस से कहा कि उसने अपना जीवन साथी चुनने में गलती की। इस गलती की सजा वह भुगत रही है। वेलेंटाइन डे के दिन दोनों के बीच रिश्ता टूट गया।

प्यार का इजहार पड़ा भारी, हुई चप्पलों से पिटाई

वहीं, दूसरे मामले में एक मजनूं की  सरेआम पिटाई हो गई। मुरादनगर में वैलेंटाइन डे पर एक युवक को प्रेम का इजहार करना महंगा पड़ गया। युवक के प्रपोज करने से गुस्साई किशोरी ने राहगीरों संग मिलकर युवक को काफी देर तक मुर्गा बनाए रखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया।

बाद में किशोरी के कहने पर माफी मांगने के बाद युवक को छोड़ दिया गया। आयुध निर्माणी परिसर में रहने वाली एक किशोरी इंटर की छात्रा है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे वह साइकिल से ट्यूशन पढ़ने रेलवे रोड पर जा रही थी। जब वह रेलवे ओवर ब्रिज के बीच में पहुंची तो बाइक सवार युवक ने ओवरटेक कर साइकिल रोक दी। इसके बाद युवक ने किशोरी को एक गिफ्ट पैक दिया और अपने प्यार का इजहार किया।

युवक के प्रपोज से नाराज होकर किशोरी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुन वहां से गुजर रहे राहगीर एकत्र हो गए। राहगीरों को जब छात्रा के चिल्लाने का कारण पता चला तो उन्होंने युवक को पकड़ लिया। इसके बाद किशोरी ने युवक की चप्पलों से पिटाई की।

किशोरी और राहगीरों ने युवक को मुर्गा बना दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया, लेकिन किशोरी के तहरीर देने से इन्कार करने के बाद छोड़ दिया।

Comments are closed.