NATO बोला-अमेरिका के बिना यूरोप अपनी रक्षा नहीं कर सकता

वॉशिंगटन, 27 जनवरी 2026 ।  नाटो (NATO) के महासचिव मार्क रूटे ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यूरोप बिना अमेरिका की सैन्य मदद के अपनी रक्षा करने की स्थिति में नहीं है। यह बयान यूरोपीय संसद में उनके सम्बोधन के दौरान आया, जहाँ उन्होंने कहा कि यदि कोई यह सोचता है कि यूरोप अकेले अपनी रक्षा कर सकता है, “तो वह सिर्फ सपना देख रहा है।”

NATO के महासचिव मार्क रुट ने सोमवार को ब्रुसेल्स में यूरोपीय संसद को संबोधित करते हुए चेतावनी दी कि यूरोप अमेरिका के बिना खुद की रक्षा नहीं कर सकता।

न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक रुट ने कहा कि अगर वे वास्तव में अकेले ही ऐसा करना चाहते हैं तो उन्हें अपने रक्षा खर्च को 10% तक बढ़ाना होगा, अपनी परमाणु क्षमता का निर्माण करना होगा, जिसकी लागत अरबों यूरो होगी। अभी NATO के खर्च में यूरोपीय देशों का कुल योगदान केवल 30% है, जो देशों की GDP का औसतन 2% है।

रुट ने ट्रम्प के आर्कटिक क्षेत्र और ग्रीनलैंड की मजबूत रक्षा की रणनीति का समर्थन किया। रुट ने यह भी कहा कि उन्होंने ट्रम्प को उनकी बढ़ती धमकियों से पीछे हटने के लिए मनाया और ग्रीनलैंड को लेकर समझौते की दिशा में ले जाने की कोशिश की।

उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब ट्रम्प प्रशासन और यूरोपीय साझेदारों के बीच रक्षा और रणनीति को लेकर चल रही असहमति चर्चा का विषय बनी हुई है। ट्रंप के कुछ विवादित बयानों और नीतिगत रवैयों के बाद यूरोप में “रणनीतिक स्वायत्तता” की मांग तेज़ हुई है, लेकिन रूटे ने स्पष्ट किया कि इस दिशा में पूर्ण स्वतंत्रता हासिल करना आसान नहीं होगा।

रूटे ने यह भी कहा कि अमेरिका और यूरोप को एक-दूसरे की जरूरत है और NATO के अंतर्गत सहयोग ही वर्तमान वैश्विक सुरक्षा व्यवस्था को स्थिर रख सकता है। इस बयान ने यह संकेत भी दिया है कि ट्रांसएटलांटिक साझेदारी, भले ही चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रही हो, अभी भी यूरोप की रक्षा ढांचे की रीढ़ बनी हुई है।

Comments are closed.