मध्यप्रदेश निवेश के आदर्श गंतव्य के रूप में उभरा है: पीयूष गोयल

नई दिल्ली, 11जनवरी। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग, उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा वस्त्र मंत्री श्री पीयूष गोयल ने आज मध्य प्रदेश को एक आदर्श निवेश स्थल के रूप में रेखांकित किया। श्री गोयल ने दुनिया भर के निवेशकों से मध्य प्रदेश की प्रगति और विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया। श्री गोयल आज वर्चुअल माध्यम से मध्य प्रदेश वैश्विक निवेशक सम्मेलन 2023 को संबोधित कर रहे थे।

श्री गोयल ने कहा कि आज का शिखर सम्मेलन उद्योग को भारत के जीवंत भविष्य में भाग लेने का अवसर प्रदान करता है। मध्य प्रदेश में निवेश की अपार संभावनाओं के बारे में बोलते हुए श्री गोयल ने कहा कि मध्य प्रदेश एक आदर्श निवेश स्थल के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि राज्य के पास पर्याप्त भूमि, बुनियादी ढांचा, कुशल संसाधन हैं। श्री गोयल ने कहा कि यह राज्य कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, औषधि, ऑटोमोबाइल, पर्यटन, वस्त्र और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवसर प्रदान करता है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रमों में मध्य प्रदेश में निवेश करने में भी रुचि दिखाई जाती है।

उन्होंने मध्य प्रदेश के बारे में बातचीत करते हुए कहा कि इस राज्य को भारत के दिल के रूप में जाना जाता है जो नए भारत की जीवंतता और जीवन शक्ति को प्रदर्शित करता है। श्री गोयल ने कहा कि भारत का दूसरा सबसे बड़ा राज्य रणनीतिक रूप से देश के केंद्र में स्थित है। उन्होंने कहा कि दोनों उत्तर-दक्षिण और पूर्व-पश्चिम-गलियारे मध्य प्रदेश को पार करते हैं। उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि यह राज्य देश के नवीकरणीय ऊर्जा के कुल बिजली उत्पादन में 20 प्रतिशत का योगदान करता है। श्री गोयल ने कहा कि तथ्य यह है कि यह दुनिया के जैविक कपास उत्पादन में 24 प्रतिशत योगदान देता है, अंतरराष्ट्रीय बाजार में मध्य प्रदेश के बढ़ते महत्व को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के सकल राज्य घरेलू उत्पाद में पिछले वर्ष लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

श्री गोयल ने मध्य प्रदेश की सुशासन में तेजी से प्रगति करने की सराहना करते हुए कहा कि यह डबल इंजन सरकार के प्रभाव को प्रदर्शित करता है जो प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को पूरा करने के लिए परिवर्तन के लिए तेजी से काम कर रही है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया गया हरित हाइड्रोजन मिशन, मध्य प्रदेश सरकार के सहयोग से संयुक्त रूप से कई क्षेत्रों में विशेष रूप से हरित हाइड्रोजन और नवीकरणीय ऊर्जा में भारी निवेश लाने में मदद करेगा।

गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कई अवसरों पर जोर देकर कहा है कि भारत की शक्ति उसके राज्यों में बसती है और अगर भारत को आगे बढ़ना है तो राज्यों का आगे बढ़ना बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने हमेशा राज्यों के विकास तथा आर्थिक वृद्धि को प्रोत्साहित करने और इसके जरिये भारत के सुदूरतम हिस्सों में रहने वाले लोगों को असीम अवसर उपलब्ध कराने पर ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी का विश्वास है कि राज्य विकसित भारत की सहायता करने के लिए मजबूत स्तंभ होंगे, यही प्रतिबद्धता पूरे राष्ट्र ने 15 अगस्त 2022 को की, जब देश ने भारत की स्वतंत्रता के 75वें वर्ष पर आजादी का अमृत काल का समारोह मनाया।

अपनी टिप्पणियों में गोयल ने बताया कि अवसंरचना विकास के लिए एक केंद्रित दृष्टिकोण, जिससे आर्थिक विकास की एक मजबूत बुनियाद तैयार होती है, हमेशा ही एक विकसित देश की आधारशिला रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश बहुत बड़े स्तर पर अवसंरचना को बढ़ावा देने की इस यात्रा का एक हिस्सा रहा है।

समिट के दौरान प्रधानमंत्री के उद्घाटन संबोधन का उल्लेख करते हुए, जिसमें उन्होंने सरकार की विभिन्न पहलों- पीएम गति शक्ति, राष्ट्रीय अवसंरचना मास्टर प्लान, डिजिटल भारत की चर्चा की, श्री गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में ही यह सारा कुछ संभव हो पाया है। एक राष्ट्र, एक कर, आईबीसी, एक राष्ट्र एक ग्रिड के उदाहरण देते हुए, उन्होंने कहा कि सरकार अवसंरचना का उस प्रकार विकास कर रही है जैसा पहले कभी नहीं हुआ।

गोयल ने कहा कि भारत आज विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और यह तेजी से विश्व की शीर्ष 3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने के लिए तेजी से प्रगति कर रही है।

भारत की जी20 अध्यक्षता की चर्चा करते हुए गोयल ने कहा कि विश्व को हमारी बढ़ती ताकत और दुनिया को हमारा बढ़ता योगदान प्रदर्शित करने का यह सही समय है। उन्होंने कहा कि भारत एक बार फिर से विश्वगुरु बन रहा है और विश्व को रहने के लिए एक सुरक्षित स्थान बनाने की दिशा में ले जाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

इसका उल्लेख करते हुए कि मध्य प्रदेश एक आर्थिक शेर के रूप में उभर रहा है, उन्होंने उम्मीद जताई कि मध्य प्रदेश कुछ समय पहले प्रधानमंत्री द्वारा कूनो राष्ट्रीय उद्यान में छोड़े गए चीते की गति से बढ़ना जारी रखेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मध्य प्रदेश नए अवसरों के साथ उद्योगों को आकर्षित कर देश की अर्थव्यवस्था को और गति देगा।

गोयल ने यह कहते हुए अपनी बात का समापन किया कि भारत का आज स्पष्ट रूप से विश्व में एक उज्ज्वल स्थान है और उम्मीद जताई कि मध्य प्रदेश इसमें अग्रणी भूमिका निभाएगा तथा अगले 25 वर्षों में भारत को एक विकसित देश बनाने के लिए राष्ट्र के प्रयासों में भाग लेना जारी रखेगा।

Comments are closed.