जाने क्यों होती है एसिडिटी या पेट में गैस की समस्या, ऐसे करे घरेलु उपचार

न्यूज़ डेस्क : पाचन तंत्र में कोई तकलीफ या गड़बड़ी होने पर एसिडिटी या पेट में गैस की समस्या परेशान करने लगती है। कई बार गैस की वजह से सीने में दर्द होने लगता है। गैस भयंकर तरीके से सिर में चढ़ जाती है तो उल्टियां तक आने लगती है। शरीर के किसी हिस्से में गैस फंस जाए तो इससे होने वाला दर्द जानलेवा लगता है। क्या आप भी गैस की समस्या से परेशान रहते हैं? 

 

 

 बाहर का जरा सा कुछ खाया नहीं कि पेट खराब हो जाता है। पेट में जलन, गैस वगैरह की समस्या शुरू हो जाती है। गैस की समस्या होने पर भूख कम लगना, सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ या फिर पेट फूलने जैसी समस्याएं होने लगती हैं। कई बार गैस बनने से पेट फूलने लगता है और पाचन संबंधी दिक्कत पैदा हो जाती है। अगर आपको भी ज्यादा गैस बनती है तो इसे बिल्कुल भी हल्के में न लें क्योंकि गैस की वजह से आपको पेट संबंधी कई रोग हो सकते हैं। 

 

 

गैस क्यों बनती है?

हमारे पेट में दो तरह के बैक्टीरिया होते हैं गुड बैक्टीरिया और बैड बैक्टीरिया। जब इन दोनों का संतुलन बिगड़ जाता है, तो गैस बनने लगती है। कई बार किसी अन्य बीमारी के दुष्प्रभाव के कारण भी यह असंतुलन होता है। बढ़ती उम्र के साथ भोजन आसानी से नहीं पचने के कारण भी गैस बनती है। वहीं, कई लोगों को कुछ खाद्य पदार्थों के सेवन से भी गैस बनती है। जैसे कुछ लोगों में लहसुन, प्याज, बीन्स के सेवन से भी गुड और बैड बैक्टीरिया का बैलेंस बिगड़ जाता है और गैस बनने लगती है। 

 

गैस का एक कारण कब्ज भी

बहुत सारे लोग जो अक्सर कब्ज की समस्या से पीड़ित रहते हैं, उनके पेट में भी गैस बनती है। कब्ज होने के कारण उनके शरीर से टॉक्सिन्स ठीक से बाहर नहीं आ पाते, जिसकी वजह से गैस बनने लगती है। इस समस्या को दूर करने के लिए खूब पानी पीने और फाइबर वाले फूड्स का अधिक सेवन करने की सलाह दी जाती है। गैस की समस्या के ढेर सारे उपाय आपके घर में ही मौजूद हैं। 

 

गैस की समस्या के घरेलू उपाय

इसबगोल के बारे में तो आप जानते ही होंगे। इसबगोल की भूसी का सेवन करने से आप गैस की समस्या से तो बचेंगे ही, यह आपको कब्ज से भी छुटकारा दिलाएगा। भूसी को एक से दो चम्मच तक पानी या दूध में मिलाकर पिएं। हालांकि, लंबे समय तक इसबगोल की भूसी का इस्तेमाल करना नुकसान भी पहुंचा सकता है।

 

जीरा और लहसुन

जीरा और लहसुन को भूनकर रख लें। रोज खाने से 15 मिनट पहले इसे 15-15 ग्राम जरूर खाएं। ऐसा करने से पेट में गैस नहीं बनती है।

 

सौंफ, अजवायन, जीरा 

सौंफ, अजवायन और जीरा को बारीक पीसकर पाउडर तैयार कर लें। खाने से 20 मिनट पहले रोज आधा चम्मच पाउडर शहद के साथ मिलाकर सेवन करें। इससे गैस नहीं बनती और हमारा पाचन तंत्र सही रहता है।

 

हींग भगाए गैस

हींग खाने का स्वाद तो बढ़ाता ही है, गैस की समस्या में भी बहुत फायदेमंद होता है। एक गिलास गर्म पानी में चुटकी भर हींग मिलाकर पीने से गैस की समस्या में आराम मिलता है। दिन में करीब दो से तीन बार हींग का पानी पीना फायदेमंद होगा। 

 

छाछ पीना है फायदेमंद

गैस की समस्या में छाछ पीना भी फायदेमंद होता है। बाजार में पैक्ड छाछ भी मिलता है और इसे घर में तैयार किया जाए तो और भी अच्छा है। छाछ में काला नमक और अजवाइन मिलाकर पीने से गैस की समस्या में आराम मिलता है। 

 

तेज टहलना 

तेज गति से पैदल चलने की आदत आपको गैस और एसिडिटी जैसी समस्या से दूर रखती है। आप यदि गैस या अपच से परेशान रहते हैं, तो हर दिन तेज गति से करीब 5000 कदम पैदल चलें। 

Comments are closed.