नई दिल्ली । हरियाणवी गायिका हर्षिता दहिया के घर पिछले कुछ दिनों से कार सवार एक युवक का आना-जाना था। पड़ोसियों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी उस युवक को यहां आते नहीं देखा था। पड़ोसियों ने बताया कि तीन बहनों में सबसे छोटी हर्षिता का असली नाम गीता है।
अकेले ही रह रही थी हर्षिता
नृत्य संगीत की दुनिया में जब उसने कदम रखा तो अपना नाम हर्षिता रख लिया था। वह इन दिनों नरेला के स्वतंत्र नगर स्थित अपने घर में अकेले ही रह रही थी। पहले मां प्रेमो देवी की मौत के बाद उसकी मंझली बहन लता व उसका दो साल का बेटा यहीं साथ रहते थे। कुछ माह पहले लता बेटे को लेकर पानीपत रहने चली गई। लता के पति कराला निवासी दिनेश पर ही सास की हत्या का आरोप है। मां की हत्या के बाद लता पति का घर छोड़कर अपने मायके में रह रही थी।
हर्षिता आसपास के लोगों से कोई मतलब नहीं रखती थी
पड़ोसियों का कहना है कि हर्षिता आसपास के लोगों से कोई मतलब नहीं रखती थी। वह अपनी मर्जी की मालिक थी। नरेला जैसे ग्रामीण क्षेत्र में रहने के बावजूद भी उसका रहन-सहन किसी मॉडर्न लड़की की तरह था। उसका पहनावा व रहन-सहन कई बुजुर्गों को पसंद नहीं था, लेकिन वह इस मामले में किसी की नसीहत मानने को तैयार नहीं थी। हर्षिता की हत्या किसने व क्यों की, पड़ोसियों को इस बारे में कोई जानकारी नहीं है, लेकिन उनका मानना है कि हत्या के तार हरियाणा से जुड़े हो सकते हैं।
म्यूजिक कंपनियों के खिलाफ चला रही थी अभियान
हर्षिता म्यूजिक कंपनियों के खिलाफ अभियान चला रही थी और सोशल मीडिया पर इस अभियान में साथ देने के लिए लोगों से आग्रह भी कर रही थी। उसने यह अभियान हाल के दिनों में ही शुरू किया था। उसने सात अक्टूबर को अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट किया था, जिसमें उसने म्यूजिक कंपनियों के खिलाफ मोर्चा खोलने की बात लिखी थी। इसके लिए उसने नौ अक्टूबर को लोगों से फेसबुक लाइव कार्यक्रम से जुड़ने की अपील की थी।
सोशल मीडिया पर मिल रहा था समर्थन
12 अक्टूबर को उसने एक लाइव वीडियो फेसबुक पर शेयर किया था, जिसमें वह कुछ कथित कलाकारों व लोगों को गाली देते दिख रही है। इस वीडियों से पता चलता है कि उसकी इज्जत के साथ खिलवाड़ करने की किसी ने उसे धमकी दी थी। इस वीडियो को 45 हजार से ज्यादा लोगों ने देखा था और सैकड़ों ने उसका समर्थन किया था। इसके अगले ही दिन उसने पोस्ट किया था, जिंदगी में उठते हैं, जो गिरने की हिम्मत रखते है।
News Source: jagran.com
Comments are closed.