मानव तस्करी से कलंकित हो रहा हरियाणा, बेटियां हो रहीं जुल्‍म का शिकार

चंडीगढ़ । मानव तस्‍करी को हरियाणा कलंकित हो रहा है। राज्‍य में लड़कियों की खरीद-फरोख्त का धंधा कम जरूर हुआ है लेकिन खत्म नहीं हो पाया है। पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों से नाबालिग लड़कियों की तस्करी कर उन्हें देह व्यापार और मजदूरी में धकेला जा रहा है। यहां से किशोरियां मुंबई और कोलकाता भी पहुंचाई जा रही हैं। इस मानव तस्करी के संगठित अपराध का पर्दाफाश हाल ही में फरीदाबाद में हुआ है।

फरीदाबाद में मानव तस्करी गिरोह की धरपकड़ के बाद राज्य पुलिस के हाथ काफी जानकारियां लगी हैं जिससे कुछ और मानव तस्करों तक पहुंचने की उम्मीद बंधी है। तीन नाबालिग लड़कियों के साथ दबोचे गए दो आरोपियों ने बताया कि पांच से 25 हजार रुपये में लड़कियों को खरीदा और बेचा जा रहा है। एनसीआर के गुरुग्राम और फरीदाबाद में तस्करी कर लाई गई लड़कियों से बंधुआ मजदूरी के साथ देह व्यापार कराया जाता है। दूसरे जिलों में शादी के नाम पर यौन शोषण आम है।

हरियाणा में लड़कियों की कमी और कुंवारों की बढ़़ती संख्‍या के कारण मानव तस्करों को यहां आसानी से ग्राहक मिल जाते हैं। झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लड़कियां गिरोह के निशाने पर हैं। इन राज्यों में सक्रिय गिरोह के गुर्गे नौकरी या शादी का झांसा देकर उन्हें दिल्ली ले आते हैं। यहां फर्जी प्लेसमेंट एजेंसियों के जरिये उन्हें घरेलू कामकाज में लगा कर इनकी पगार तक अपने खाते में डलवा ली जाती है।

इन लड़कियों पर गिरोह की पूरी नजर रहती हैं जिससे इन्हें भागने या अपनी व्यथा दूसरों को बताने का कोई चांस नहीं मिलता। करनाल, मेवात, रेवाड़ी, कुरुक्षेत्र, जींद, यमुनानगर और हिसार में ऐसी लड़कियों की मांग है। इसके अलावा राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी इन्हें सप्लाई किया जाता है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के अनुसार पिछले एक दशक से लड़कियों और महिलाओं की तस्करी के मामले चार गुणा तक बढ़े। इसकी बड़ी वजह अपराधियों और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हो पाना है।

दो साल में गायब हुईं 1782 लड़कियां, 565 का सुराग नहीं

हरियाणा से नाबालिग लड़कियों को अगवा कर दूसरे राज्यों में भेजा जा रहा है। पिछले दो साल में ही प्रदेश में कुल 3410 बच्चे गायब हुए और इनमें 1782 लड़कियां थीं। इनमें से केवल 1217 लड़कियों को ही पुलिस बरामद कर सकी। इनमें से ज्यादातर लड़कियां 12 से 18 साल की हैं जिन्हें भिक्षावृत्ति के अलावा देह व्यापार में धकेलने की आशंका है। विधानसभा में भाजपा विधायक प्रेमलता ने यह मुद्दा उठाया था। इस पर सरकार ने ठोस कदम उठाने का भरोसा दिया था।

पूरे प्रदेश में चलेगा ऑपरेशन : डीजीपी

” लड़कियों की खरीद-फरोख्त रोकने के लिए पुलिस ने एक बार फिर अभियान छेड़ा है। पूरे प्रदेश में ऑपरेशन चलाकर मानव तस्करी के मामलों की शिनाख्त की जाएगी। फरीदाबाद में पकड़े गए गिरोह के सदस्यों से पूछताछ में कुछ अहम सुराग मिले हैं जिससे गिरोह के कुछ और गुर्गे पुलिस की गिरफ्त में होंगे। लड़कियों और महिलाओं से बंधुआ मजदूरी या यौन शोषण के मामलों में अफसरों को तुरंत एक्शन लेने की हिदायत दी है।

– बीएस संधू, पुलिस महानिदेशक, हरियाणा।

Comments are closed.