(नई दिल्ली) अक्टूबर में एक लाख करोड़ के पार पहुंचा जीएसटी कलेक्शन -अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर एक और अच्छी खबर

नई दिल्ली। व्यापार सुगमता के मामले में एक नई ऊंचाई हासिल करने के बाद मोदी सरकार के लिए अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर एक और अच्छी खबर है। वित्त मंत्री अरुण जेटली के मुताबिक अक्टूबर माह में जीएसटी कलेक्शन एक लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। जेटली ने अपने ट्वीट में यह जानकारी दी।
वित्तमंत्री अरुण जेटली ने एक ट्वीट किया, ”अक्टूबर महीने में जीएसटी कलेक्शन एक लाख करोड़ के पार पहुंच गया है। जीएसटी की यह सफलता कम रेट, कर चोरी पर रोक और बेहतर अनुपालन की वजह से है।” उन्होंने जीएसटी को बेहतर बताते हुए अपने ट्वीट में जोड़ा यह एक टैक्स व्यवस्था है, जिसमें टैक्स अथॉरिटी का दखल न के बराबर होता है। इससे पहले सितंबर में जीएसटी कलेक्शन 94,442 करोड़ रुपए रहा था। अगस्त के मुकाबले इसमें थोड़ी बढ़ोतरी हुई थी। अगस्त में जीएसटी कलेक्शन 93,690 करोड़ रुपए रहा था।
अक्टूबर महीने से पहले अप्रैल महीने में ग्रास जीएसटी रेवेन्यू एक लाख करोड़ के पार पहुंचा था। इस दौरान टोटल जीएसटी कलेक्शन 1.03 लाख करोड़ रुपए रहा था। उल्लेखनीय है कि इस सप्ताह अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर सरकार के लिए दो अच्छी खबरें आई हैं। बुधवार को विश्व बैंक ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग जारी की। इसमें भारत ने 23 अंकों की छलांग लगाई है और वह 77वें पायदान पर पहुंच गया है। इससे पहले सन 2017 में भारत 100वें पायदान पर था।

Comments are closed.