नई दिल्ली। आखिरकार वो दिन आ ही गया, जिसका राहुल गांधी को बरसों से इंतजार था। कई कांग्रेसी नेता भी सालों से राहुल गांधी की ताजपोशी के इंतजार में थे। हालांकि पिछले दिनों जब राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष चुना गया, तभी यह तय हो गया था कि अब ‘राहुल युग’ की शुरुआत होने जा रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने के बाद राहुल गांधी की आज औपचारिक रूप से ताजपोशी होने जा रही है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी एक विशेष कार्यक्रम में राहुल गांधी को पार्टी की कमान सौपेंगी। हालांकि इस बीच गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर आए एक्जिट पोल ने राहुल गांधी और कांग्रेसियों को निराश जरूर किया है और इसकी झलक इस कार्यक्रम में भी देखने को मिल सकती है।
बता दें कि राहुल गांधी की ताजपोशी के लिए 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस दफ्तर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसमें पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के अलावा अन्य राज्यों के प्रमुख लीडर और कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस ताजपोशी के साथ ही राहुल गांधी 132 साल पुरानी पार्टी की विरासत को संभाल लेंगे।
राहुल की ताजपोशी के लिए कांग्रेस दफ्तर को सजा दिया गया है। राहुल की ताजपोशी का कांग्रेस में जुनून कुछ ऐसा है कि देश के अन्य राज्यों में भी कांग्रेस पार्टी के दफ्तरों को सजाया गया है। राहुल को बधाई देने का सिलसिला भी जारी है। कांग्रेस कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ 24 अकबर रोड पहुंच रहे हैं। मिठाइयां बांटी जा रही हैं। पटाखे चलाए जा रहे हैं।
Comments are closed.