ऐस्ट्रोसैट से खींची 80 करोड़ प्रकाश वर्ष दूर स्थित अनोखे गैलेक्सी समूह की तस्वीर

चेन्नई । भारत की पहली मल्टी वेवलेंथ वेधशाला ऐस्ट्रोसैट ने एक विशेष गैलक्सी समूह की तस्वीर खींची है। यह गैलेक्सी समूह पृथ्वी से लगभग 80 करोड़ प्रकाश वर्ष दूर है। इस विशेष गैलेक्सी समूह को ऐबेल 2256 नाम दिया गया है। इस विशेष गैलेक्सी में तीन अलग-अलग गैलक्सी समूह शामिल हैं, जिनका एक-दूसरे में विलय हो गया है।

इन तीन गैलसियों में 500 से अधिक गैलक्सियां हैं, जो हमारी अपनी आकाशगंगा मिल्की वे से 100 गुना बड़ी और 1500 गुना अधिक वजनी हैं। इसरो ने बताया कि इस ऐस्ट्रोसैट फोटो को फोटो ऑफ द मंथ माना गया है। इसरो ने कहा कि इसे दुनिया के प्रत्येक रेडियो टेलेस्कोप में प्रतिबिंबित किया जा चुका है। यह कलस्टर (समूह) एक बड़े क्षेत्र में फैली गैलक्सियों को अपने में समाहित किए हुए है। खगोलविदों ने इनमें से छह गैलक्सियों को जूम करते हुए अल्ट्रावायलट तस्वीरें कैद की हैं।

इसके लिए खगोलविदों ने अल्ट्रा वायलट इमेजिंग टेलिस्कोप (यूवीआईटी) का इस्तेमाल किया था। खगोलविद ने बताया कि गैलक्सी समूहों का निर्माण उस स्थिति में होता है, जब स्पाइरल आकृति वाली गैलक्सियां धीरे-धीरे लेंटिकुलर और अंडाकार आकृति में बदल जाती हैं। स्पाइरल आकृति जैसे कि हमारा मिल्की वे, रंग में नीला होता है, जिसमें लगातार तारों का निर्माण होता है, जबकि लेंटिकुलर गैलक्सी थोड़ी लाल रंग की होती है और इसमें मुख्य रूप से पुराने तारे होते हैं।

Comments are closed.