आज रात 8:30 के बाद कनॉट प्लेस में प्रवेश बंद!

नई दिल्ली। नए साल के जश्न को लेकर दिल्ली पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। सोमवार रात 8:30 बजे के बाद कनॉट प्लेस में सभी प्रकार के पब्लिक और निजी वाहनों को इंट्री नहीं मिलेगी। यहां जुटने वाली भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया है। इसके अलावा दिल्ली ट्रैफिक पुलिस शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ लोकल व पीसीआर पुलिस के साथ मिलकर विशेष अभियान चलाएगी। कनॉट प्लेस के अलावा साकेत सिटी मॉल व पीवीआर साकेत में नए वर्ष का जश्न मनाया जाएगा।

31 दिसंबर की शाम 4 बजे के बाद सेलेक्ट सिटी मार्ग की ओर प्रेस एंक्लेव रोड, पीटीएस मालवीय नगर, अरविंदो मार्ग, मालवीय नगर मेट्रो स्टेशन और बीआरटी (प्रेस एंक्लेव टी पाइंट) पर बसों और व्यावसायिक वाहनों के जाने पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं, मेन मार्केट डिफेंस कॉलोनी, कोटला रोड, साउथ एक्स मार्केट, एंड्रयूज गंज फ्लाईओवर व आईएनए मार्केट में व्यावसायिक वाहनों के आनेजाने पर रात 8:30 बजे के बाद प्रतिबंध रहेगा। जिन प्रमुख जगहों पर नए वर्ष के जश्न होंगे वहां 8:30 बजे के बाद व्यावसायिक वाहनों के आनेजाने पर प्रतिबंध रहेगा।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) बीके सिंह के अनुसार कनॉट प्लेस को लेकर खास इंतजाम किए हैं। 31 दिसंबर को रात 8: 30 बजे के बाद सभी प्राइवेट व पब्लिक वाहनों केलिए कनॉट प्लेस में इंट्री बंद हो जाएगी।
– इन जगहों से आगे नहीं जा पाएंगे वाहन
मंडी हाउस गोलचक्कर, बंगाली मार्केट गोलचक्कर, रणजीत सिंह फ्लाईओवर का नार्थ फूट, मिंटो रोड-दीनदयाल उपाध्याय क्रॉसिंग मार्ग, चेम्सफोर्ड रोड, आरके आश्रम मार्ग-चित्रगुप्ता मार्ग क्रॉसिंग, गोल मार्केट गोल चक्कर, जीपीओ गोलचक्कर, पटेल चौक, केजी मार्ग- फिरोजशाह रोड क्रॉसिंग, जयसिंह रोड-बांग्ला साहिब लेन और विंडसर पैलेस। कनॉट प्लेस के इनर, मिडिल व आउटर सर्किल तक जाने के लिए वाहनों को अनुमति नहीं होगी।

Comments are closed.