छतीसगढ़ नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक पर लगा छेड़छाड़ का आरोप

न्यूज़ डेस्क : रायपुर, जेएनएन। एक महिला किरण मगर ने नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। इससे पहले ये महिला भाजपा नेता और कारोबारी प्रकाश बजाज पर छेड़छाड़ का आरोप लगा चुकी है, इस मामले में पुलिस ने कारोबारी को जेल भेज दिया था। अब उसी ने नेता-प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक पर भी छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।

 

महिला किरण मगर ने मंगलवार को राजधानी के प्रेस क्लब में पत्रकारवार्ता करके कहा कि दो साल पहले होली के दिन कौशिक ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी। उधर इस मामले में नेता प्रतिपक्ष का कहना है कि वे महिला को जानते भी नहीं हैं। महिला किरण मगर ने बताया कि 2017 में वह बिलासपुर में रहने वाली अपनी बड़ी बहन के घर होली मनाने गई थी।

 

कौशिक ने उसकी बहन को होली मिलन कार्यक्रम का न्यौता दिया था। बहन के साथ किरण भी कौशिक के घर चली गई थी। कौशिक के घर पर काफी भीड़भाड़ थी। किरण और उसकी बहन हॉल में बैठे थे। कुछ देर बाद गुलाल लेकर कौशिक आए। किरण का आरोप है कि उसके मना करने के बाद भी कौशिक ने गुलाल लगाया और आपत्तिजनक इशारे किए। किरण से पूछा गया कि उसने दो साल इस मामले को क्यों दबाए रखा, तो उसने कोई जवाब नहीं दिया।

 

इस मामले में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष पूजा विधानी ने नेता-प्रतिपक्ष पर लगाए गए आरोप को बदले की राजनीति बताया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद निंदनीय, शर्मनाक, आधारहीन और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित आरोप है।

 

विधानी का कहना है कि महिला का इस्तेमाल राजनीतिक बदले के लिए हो रहा है। पहले तो सीडी कांड में दिशा मोड़ने के लिए भाजपा नेता बजाज के खिलाफ छेड़छाड़ का झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया। अब नेता-प्रतिपक्ष पर झूठा आरोप लगाकर उनकी चरित्र हत्या की साजिश रची जा रही है। विधानी का कहना है कि यह भाजपा का चरित्र ही नहीं है कि कोई नेता किसी महिला के साथ अभद्र व्यवहार करे।

 

इसी मामले में जब नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक का पक्ष जानने की कोशिश की गई तो उन्होंने कहा कि जिस महिला ने आरोप लगाया है, उसे मैं जानता ही नहीं। वह मनगढ़ंत आरोप लगा रही है। मुझे फंसाने की कोशिश है। यदि, 2017 में घटना घटी, तो महिला अब तक क्या कर रही थी? अचानक दो साल बाद कैसे याद आया कि उसके साथ छेड़छाड़ हुई है।

 

Comments are closed.