भाजपा ने तीनों निगमों के महापौर किए तय, तिवारी बोले- बनाई गई आदर्श टीम

नई दिल्ली । भाजपा ने दिल्ली के तीनों नगर निगमों के महापौर व उपमहापौर, स्थायी समिति के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए अपने प्रत्याशियों तथा नेता सदन के नामों की घोषणा कर दी है। तीनों निगमों में भाजपा के बहुमत में होने और एक ही प्रत्याशी के नामांकन किए जाने की वजह से महापौर और उपमहापौर का चुनाव निर्विरोध होना तय है।

भाजपा ने जारी की सूची

आदेश गुप्ता उत्तरी दिल्ली नगर निगम, नरेंद्र चावला दक्षिणी दिल्ली नगर निगम और बिपिन बिहारी पूर्वी दिल्ली नगर निगम के नए महापौर होंगे। पिछले कई दिनों से प्रत्याशियों के नामों को लेकर अटकलों को दौर जारी था, जिसे विराम देते हुए दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने बुधवार दोपहर इनकी सूची जारी कर दी।

नामांकन पत्र दायर

नाम घोषित होने के कुछ देर बाद सभी ने नामांकन पत्र भी दायर कर दिया। दक्षिणी निगम में 26 अप्रैल तथा उत्तरी निगम और पूर्वी निगम में 27 अप्रैल को चुनाव होगा। पार्टी ने महापौर सहित सभी पदों पर बदलाव किया है। हालांकि, प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने कुछ पुराने लोगों को निगम में फिर से जिम्मेदारी देने का फैसला किया है, लेकिन उनका ओहदा बदल गया है।

आदर्श टीम बनाने की कोशिश

तिवारी ने उम्मीदवारों को बधाई दी और उनसे पार्टी के मूल सिद्धात सबका साथ सबका विकास का अनुसरण करते हुए अपने दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नई टीम निगम आपके द्वार अभियान को जनता तक ले जाएगी और निगम से संबंधित लोगों की समस्याओं का बेहतर तरीके से निदान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों के चयन में दिल्ली के हर वर्ग एवं समाज को स्थान देकर सामाजिक न्याय करने और एक आदर्श टीम बनाने की कोशिश की गई है। उम्मीद है कि चुने गए सभी निगम पार्षद पद ग्रहण करने के बाद दिल्ली के सामाजिक, राजनीतिक एवं भौगोलिक विकास का आदर्श प्रस्तुत करेंगे। वे दिल्ली की जनता को पारदर्शी ईमानदार और सुलभ निगम व्यवस्था देंगे।

भाजपा द्वारा घोषित प्रत्याशियों की सूची 

उत्तरी दिल्ली नगर निगम के प्रत्याशी महापौर- आदेश कुमार गुप्ता उपमहापौर- राजेश लावड़िया स्थायी समिति अध्यक्ष- वीना विरमानी उपाध्यक्ष- निशा मान व सदस्य मनीष चौधरी नेता सदन- तिकलराज कटारिया

दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के प्रत्याशी महापौर- नरेंद्र चावला उपमहापौर- सत्यपाल मलिक स्थायी समिति अध्यक्ष- शिखा रॉय उपाध्यक्ष- पूनम भाटी नेता सदन- कमलजीत सहरावत

पूर्वी दिल्ली नगर निगम के प्रत्याशी महापौर- बिपिन बिहारी सिंह उपमहापौर- किरण वैद्य स्थायी समिति अध्यक्ष- सत्यपाल सिंह उपाध्यक्ष- रोमेश चंद्र गुप्ता व सदस्य संदीप कपूर नेता सदन- निर्मल जैन

Comments are closed.