नई दिल्ली : बिहार में लोकसभा चुनाव के लिए राजद के साथ सीटों के बंटवारे के संबंध में बातचीत शुरू करने से पहले कांग्रेस राज्य में अपनी स्थिति का आकलन करने के लिए सर्वेक्षण करा रही है।
पार्टी के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने सर्वेक्षण की पुष्टि करते हुए कहा कि इसका मुख्य लक्ष्य यह पता करना है कि विभिन्न सीटों पर कांग्रेस की मौजूदा स्थिति क्या है। हमारा सर्वेक्षण दो स्तरों पर हो रहा है। पहला सर्वेक्षण पार्टी की तरफ से कराया जा रहा है।
दूसरा स्वतंत्र सर्वेक्षण कराया जा रहा है। इसका मकसद यह पता करना है कि विभिन्न सीटों पर हमारी क्या स्थिति है और हमें क्या करना होगा। स्वतंत्र सर्वेक्षण के लिए उसने एक सर्वेक्षण एजेंसी की भी सेवा ली है।
कांग्रेस के इस कदम से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पार्टी के यह दोनों सर्वेक्षण मुख्य रूप से सीमांचल और उन क्षेत्रों पर ज्यादा केंद्रित हैं, जहां हालिया लोकसभा चुनावों में पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया था।यह पूछे जाने पर कांग्रेस राज्य की 40 लोकसभा सीटों में से कितनी सीटों पर दावेदारी पेश करेगी,
गोहिल ने कहा कि अभी इस बारे में बात नहीं हुई है। राजद हमारा बहुत पुराना और मजबूत वैचारिक सहयोगी है। सीटों के बारे हम सभी सहयोगी दल (मांझी सहित) मिलकर उचित समय पर निर्णय कर लेंगे।
Comments are closed.