नेहरू-अटल पर अभद्र टिप्‍पणी कर फंसे AAP नेता आशुतोष, कोर्ट के आदेश पर होगी FIR

नई दिल्ली । दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेताओं में शुमार आशुतोष नई मुश्किल में फंसते नजर आ रहे हैं। देश के दो चर्चित पूर्व प्रधानमंत्रियों जवाहर लाल नेहरू और अटल बिहारी बाजपेयी पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में दिल्‍ली की रो‍हिणी कोर्ट ने AAP के नेता आशुतोष के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

बता दें कि आशुतोष ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पंडित जवाहर लाल नेहरू के खिलाफ भड़काऊ बातें कहीं थीं। आशुतोष ने नेहरू-अटल के बहाने अपने तत्कालीन मंत्री संदीप कुमार का बचाव किया था, जो अश्लील सीडी कांड में फंसे थे।

यह आरोप तब का है जब अश्लील सीडी कांड में फंसे दिल्ली सरकार के पूर्व महिला एवं बाल कल्याण मंत्री संदीप कुमार के बचाव में AAP के प्रवक्ता आशुतोष सामने आए थे। उन्होंने संदीप कुमार का बचाव करते हुए कहा था कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया। AAP नेता का यह बयान सितंबर, 2016 का है।

आशुतोष ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू और पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और और जॉर्ज फर्नांडिस के बारे में कहा था कि इनके भी सामाजिक और नैतिक दायरे से बाहर जाकर दूसरी महिलाओं से रिश्ते रहे हैं।

अब सोमवार को रोहिणी कोर्ट की अतिरिक्त मुख्य महानगर दंडाधिकारी एकता गाबा ने बेगमपुर के एसएचओ को प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है।

ब्लॉग में भी की थी टिप्पणी

पत्रकार वार्ता में टिप्पणी करने के साथ इस मुद्दे पर आशुतोष ने अपने ब्लॉग में आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। उन्होंने लिखा था- ‘भारतीय इतिहास ऐसे उदाहरणों से भरा पड़ा है जहां हमारे नायकों और नेताओं ने सामाजिक बंधनों से बेपरवाह होकर अपनी इच्छाओं की पूर्ति की। पंडित जवाहर लाल नेहरू की कई सहयोगी महिलाओं से प्रेम संबंधों के किस्से चटखारे लेकर कहे-सुने जाते थे। लेकिन इससे उनका करियर नहीं बरबाद हुआ। एडविना के साथ उनके रिश्तों की खूब चर्चा हुई। सारी दुनिया इसके बारे में जानती थी।

Comments are closed.