भावुक हुईं सोनाली बेंद्रे ने जब जोड़ लिए हाथ

बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे कैंसर का इलाज कराकर स्वदेश लौट आई हैं। उन्हें कैंसर होने का पता चार माह पहले चला था, जिसके बाद उनके तमाम फैंस चिंतित और दु:खी हो गए थे। लगातार दुआएं और प्रार्थानाएं की जा रही थीं कि वो जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाएं। कैंसर होने की जानकारी सोनाली बेंद्रे ने खुद ही अपने फैंस को टि्वटर के जरिए दी थी। यह जानकारी देने के साथ ही वो इलाज करवाने न्यूयॉर्क चली गईं थीं।

इन चार माहों में क्या कुछ हुआ इसकी भी जानकारी सोनाली ने सोशल मीडिया के जरिए फैंस को दी है। अब जबकि सोनाली इलाज कराकर कुछ समय के लिए मुंबई आई हैं तो फैंस खासे खुश हैं। रविवार रात मुंबई एयरपोर्ट पर सोनाली अपने पति गोल्डी बहल के साथ नजर आईं तो मीडिया के लोगों ने उन्हें घेर लिया। ऐसे में वो काफी भावुक हो गईं और दोनों हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया। वैसे आपको बतला दें कि न्यूयॉर्क से लौटने की भी जानकारी सोनाली ने अपने फैंस को सोशल मीडिया के जरिए दे रखी थी। भारत आते हुए उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा था कि ‘लोग कहते हैं कि दूरियां दिलों को करीब लाती हैं।

सच में ऐसा होता है। लेकिन इन दूरियों ने मुझे बहुत कुछ सिखा दिया। अपने शहर और घर से दूर न्यूयॉर्क में रहते हुए मेरी जिंदगी में बहुत कुछ हुआ। अब मैं वहां वापस आ रही हूं, जहां मेरा दिल है। यह एक ऐसी फीलिंग है जिसे मैं बता नहीं सकती लेकिन कोशिश कर रही हूं। अपने परिवार व दोस्तों को खुश देखने के लिए मैं बेताब हूं।’ यहां आपको बतला दें कि सोनाली कुछ समय के लिए ही भारत आई हैं, इस बीच वो काफी भावुक हैं और सभी से सोशल मीडिया के जरिए बातचीत कर अपने अनुभव को साझा भी करती दिख रही हैं।

Comments are closed.