दहेज ने परिवार को किया बरबाद, दुल्हन करती रही इंतजार, नहीं आई बरात

नई दिल्ली । समाज को जानलेवा बीमारी की तरह लीलने वाला दहेज अब भी लोगों के जीवन में कहर बनकर टूट रहा है। लड़के के परिवार को दहेज में मिलने वाला सामान अचानक कम लगने लगता है। बारात के इंतजार में बैठी दुल्हन के सपने चकनाचूर हो जाते है। एक झटके में परिवार तबाह हो जाता है। इसके बाद समाजिक स्तर पर जो ताने सुनने को मिलते हैं वो अलग ही कहानी है।

लालची दूल्हा फरार

मंगोलपुरी इलाके में ऐसा ही मामला सामने आया जब कम दहेज के चलते 4 फरवरी 2018 को शादी के दिन दूल्हा और बराती नहीं आए। पंडाल सजे थे, मंडप तैयार था और लड़की वालों को बरात का इंतजार था, लेकिन कोई नहीं आया। लड़की के परिवार वालों ने अपनी हैसियत के मुताबिक सभी चीजें जुटाई थीं, लेकिन लड़के के परिवार को वह काफी नहीं लगा और उन्होंने ज्यादा दहेज की मांग की। ऐसा नहीं करने पर शादी के दिन वो बरात लेकर नहीं आए। फिलहाल, यह मामला पुलिस में दर्ज है, लेकिन लालची दूल्हा फरार है।

सब कुछ ठीक चल रहा था

दुल्हन शबनम (काल्पनिक नाम) के परिवार ने बताया कि पांच माह पहले उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में रहने वाले आकिल खान से शबनम की शादी तय हुई थी। सब कुछ ठीक चल रहा था। होने वाला दूल्हा और दुल्हन आपस में फोन पर लगातार बातचीत करते थे, लेकिन दोनों के बीच कभी किसी तरह के दहेज को लेकर कोई बात भी नही हुई।

नहीं आई बारात 

लड़की पक्ष ने बताया कि रिश्ता तय करते समय लड़के वालों ने कोई मांग भी नहीं की और दहेज लेने से साफ इन्कार कर दिया था। लड़की वालों ने भी अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति के बारे में उन्हें साफ बता दिया था, लेकिन अपनी मर्जी से हैसियत के अनुसार कुछ उपहार और गहने देना चाहते थे। शादी के दिन दोपहर में बारात पक्ष से चार लोग आए और दहेज का मुआयना कर यह कहकर चले गए कि बारात आ रही है, लेकिन उसके बाद दिन से रात हो गई, लेकिन कोई नहीं आया।

लालचियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत

पीड़ित युवती के पिता का कई वर्ष पहले इंतकाल हो चुका है। मजदूरी करने वाले उसके चार भाइयों ने उसकी शादी के लिए किसी तरह तैयारियां की थीं, लेकिन दहेज के लालची लोगों ने सब बेकार कर दिया। परिवार वालों के अनुसार बरात का काफी देर इंतजार करने के बाद जब लड़के पक्ष को फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं आया और रात बीतने लगी तो लालचियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत कर दी। मामला दर्ज होने के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए मंगोलपुरी पुलिस थाने से पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जा पहुंची। फिलहाल आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।

Comments are closed.