केशव प्रसाद मौर्य ने दिल्‍ली में यूपी की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की प्रदर्शनी का किया अवलोकन, उनके कार्य की सराहना भी की

पूसा परिसर स्थित सी. सुब्रमण्यम सभागार में आयोजित राष्ट्रीय ग्रामीण विकास  कार्यक्रम के प्रारम्भ से पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने  केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की गरिमामयी उपस्थिति में देशभर की स्वयं सहायता समूहों की बहनों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न राज्यों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्कृत उत्पाद, पारंपरिक कलाकृतियों, जैविक उत्पादों तथा अन्य स्वरोजगार आधारित उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूह आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा प्रदान करने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बन चुके हैं।

सम्मेलन के दौरान ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक एवं सार्थक विचार-विमर्श किया गया। इसमें ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूहों का सशक्तिकरण, डिजिटल नवाचार, कौशल विकास, ग्रामीण आधारभूत संरचना, रोजगार सृजन, सतत विकास तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने जैसे विषयों पर विशेषज्ञों एवं नीति-निर्माताओं ने अपने विचार साझा किए।

 

श्री मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण, स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण, रोजगार सृजन तथा गरीब एवं वंचित वर्ग के जीवन स्तर में सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे राष्ट्रीय सम्मेलन राज्यों के बीच श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान का प्रभावी मंच बनते हैं और ग्रामीण विकास को नई दिशा प्रदान करते हैं।

 

इस अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्र शेखर पेम्मासानी, केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान, विभिन्न राज्यों के ग्रामीण विकास मंत्रीगण, वरिष्ठ अधिकारी, नीति-विशेषज्ञ, स्वयं सहायता समूहों की प्रतिनिधि बहनें तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Comments are closed.