गौ टेक ग्लोबल समिट एवं एक्स्पो का भूमिपूजन समारोह संपन्न

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
पुणे,महाराष्ट्र 19 मार्च :अंतरराष्ट्रीय संस्था ग्लोबल कन्फेडरेशन ऑफ काउ बेस्ड इंडस्ट्रीज़ (जीसीसीआई) के तत्वावधान में आयोजित होने वाले “गौ टेक 2026” अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन एवं प्रदर्शनी का भूमिपूजन समारोह 15 मार्च को कृषि महाविद्यालय मैदान, शिवाजीनगर, पुणे में संपन्न हुआ। यह आयोजन 20 से 23 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य गौ-आधारित उद्योग, विज्ञान, अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता को वैश्विक मंच प्रदान करना है। इसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में आगंतुकों और प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

इस भव्य आयोजन में महाराष्ट्र गौ सेवा आयोग और आरआर केबल का सहयोग प्राप्त है। “गौ टेक 2026” भारतीय संस्कृति, परंपरा, विज्ञान और आधुनिक तकनीक के संगम का एक अनूठा मंच बनने जा रहा है, जिसका उद्देश्य गौ-आधारित अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहित करना और आम जनता में जागरूकता बढ़ाना है।

भूमिपूजन समारोह में राज्यसभा सांसद मेधा कुलकर्णी, जीसीसीआई के संस्थापक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री वल्लभभाई कथिरिया, उद्योगपति कृष्णकुमार गोयल और आयोजन अध्यक्ष शेखर मुंदडा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने इस आयोजन को सांस्कृतिक और वैज्ञानिक दृष्टि से महत्वपूर्ण पहल बताया।

अपने संबोधन में डॉ. मेधा कुलकर्णी ने कहा कि पुणे शिक्षा, संस्कृति और आईटी के क्षेत्र में देश का अग्रणी शहर है, और अब इसे गोसेवा तथा गौ-आधारित गतिविधियों के केंद्र के रूप में भी नई पहचान मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गौमाता की अवधारणा भारतीय समाज की व्यापक दृष्टि को दर्शाती है और इससे जुड़े उत्पादों एवं विचारों को जन-जन तक पहुँचाना समय की मांग है।

डॉ. वल्लभभाई कथिरिया ने कहा कि “गौ टेक 2026” केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि गौ-आधारित उद्योग, अनुसंधान, तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने वाला एक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अभियान है। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह आयोजन आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनेगा।

आयोजन अध्यक्ष शेखर मुंदडा ने जानकारी दी कि इस चार दिवसीय आयोजन में 300 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। 10 से अधिक विषयों पर आधारित परिसंवाद, विशेष सत्र और बी2बी बैठकें आयोजित होंगी। विदेशी प्रतिनिधियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि लगभग 5 लाख से अधिक आगंतुकों के आने की संभावना है, जिससे यह आयोजन देश की सबसे बड़ी गौ-आधारित प्रदर्शनी बन सकता है।

प्रदर्शनी में जैविक खाद, बायो-फर्टिलाइज़र, डेयरी उत्पाद, गोमूत्र एवं गोबर आधारित उत्पाद, प्राकृतिक खेती, पशु चिकित्सा, एम्ब्रियो ट्रांसफर तकनीक, सौर ऊर्जा, बायो-ऊर्जा, चारा और बीज उद्योग, बैंकिंग सेवाएं, स्टार्टअप्स तथा अनुसंधान आधारित उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। देशी गायों का लाइव प्रदर्शन और पंचगव्य उत्पादों पर लाइव प्रशिक्षण इस आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे।

कार्यक्रम के दौरान “गौ टेक अवॉर्ड्स” के अंतर्गत 20 श्रेणियों में 60 उत्कृष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें वैज्ञानिकों, किसानों, उद्योगपतियों, निवेशकों, स्टार्टअप उद्यमियों, महिलाओं और युवाओं की व्यापक भागीदारी रहेगी।

चार दिवसीय इस आयोजन में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। आयोजकों ने पुणे के नागरिकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

Comments are closed.