आई-पैक के दफ्तर पर प्रवर्तन निदेशालय का छापा, रेड वाली जगह पहुँचीं ममता बनर्जी

हमें जानबूझकर परेशान किया जा रहा’— रेड पर ममता बनर्जी का आरोप

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

  • कोलकाता में आई-पैक के दफ्तर और प्रमुख के आवास पर छापेमारी
  • रेड के दौरान मौके पर पहुँचीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
  • ममता ने गृह मंत्री अमित शाह पर राजनीतिक दबाव का आरोप लगाया
  • भारतीय जनता पार्टी ने जाँच में बाधा का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की माँग की

 

समग्र समाचार सेवा
कोलकाता | 08 जनवरी: प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार को कोयला घोटाले से जुड़ी जाँच के तहत कोलकाता में राजनीतिक परामर्श देने वाली संस्था आई-पैक के दफ्तर पर छापा मारा। इसके साथ ही आई-पैक के प्रमुख प्रतीक जैन के आवास पर भी छापेमारी की गई। इस दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी रेड वाली जगह पहुँचीं और एजेंसी की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

‘हमें जानबूझकर परेशान किया जा रहा’

ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि यह पूरी कार्रवाई राजनीतिक मंशा से की जा रही है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर एजेंसियों का इस्तेमाल कर बंगाल में चुनावी लाभ लेने की कोशिश हो रही है। ममता ने सवाल उठाया कि क्या प्रवर्तन निदेशालय का काम राजनीतिक दलों के दस्तावेज और मतदाता सूची जब्त करना है।

तृणमूल कांग्रेस के दस्तावेज जब्ती का आरोप

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रवर्तन निदेशालय उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस से जुड़े दस्तावेज उठा रही है। उन्होंने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने नहीं दिए जा रहे और साजिश के तहत नाम काटे जा रहे हैं।

आई-पैक दफ्तर में प्रवेश नहीं

सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी को आई-पैक के दफ्तर में प्रवेश नहीं दिया गया और वे इमारत के बाहर ही खड़ी रहीं। आई-पैक का कार्यालय इमारत के 11वें तल पर स्थित है। इससे पहले वे प्रतीक जैन के घर से फाइल और लैपटॉप लेकर बाहर निकलती दिखाई दीं।

भारतीय जनता पार्टी का पलटवार

प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी केंद्रीय एजेंसियों की जाँच में बाधा डाल रही हैं और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की माँग की।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

Comments are closed.