युवा ओलंपिक के लिए भारतीय महिला और पुरूष हॉकी टीमें शामिल

लुसाने ।  7 से 14 अक्टूबर तक अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में होने वाले युवा ओलंपिक खेलों के लिए भारतीय महिला और पुरूष टीमों को शामिल किया गया है। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने युवा ओलंपिक के लिए 12-12 हॉकी टीमों की घोषणा कर दी है।

युवा ओलंपिक खेलों में फाइव ए साइड हॉकी मैचों का आयोजन किया जाएगा जिसके लिए 12 पुरूष और 12 महिला टीमें उतरेंगी। महिलाओं में मेजबान अर्जेंटीना के अलावा आस्ट्रेलिया, आस्ट्रिया, चीन, भारत, मैक्सिको, नामीबिया, पोलैंड, दक्षिण अफ्रीका,उरूग्वे, वंताऊ और जिम्बाब्वे भी शामिल हैं।

पुरूष स्पर्धा में अर्जेंटीना, आस्ट्रेलिया, आस्ट्रिया, बांग्लादेश, कनाडा, भारत, केन्या, मलेशिया, मैक्सिको, पोलैंड, वंताऊ और जांबिया की टीमें उतरेंगी। इससे पहले भारतीय पुरूष जूनियर टीम ने बैंकाक में हुए युवा ओलंपिक खेल क्वालिफायर में मलेशिया को शूटआउट में 2-1 से हराकर क्वालीफाई किया।

वहीं महिला टीम को चीन से फाइनल मे 1-4 से हारने के बाद उपविजेता रहने के कारण प्रवेश मिला। एफआईएच ने 28 जुलाई को समाप्त हुए सभी कांटिनेंटल क्वालिफाइंग स्पर्धाओं के बाद दोनों वर्गों में 24 टीमों की घोषणा की है जिसमें आखिरी क्वालिफायर अफ्रीका यूथ गेम्स थे।

Comments are closed.