देश के 9 राज्यों में आसमान से बरसा रही आग, पारा 45 से पार

मप्र के खुजराहो रहा सबसे अधिक गर्म
नई दिल्ली । उत्तर भारत के लगभग 9 राज्य लू की चपेट में है। कई शहरों में पारा 45 डिग्री के पार हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्यप्रदेश का खजुराहो रविवार को देश में सबसे गर्म रहा। यहां पारा 47.2 डिग्री तक चढ़ गया। उधर,उत्तरप्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्से लू की चपेट में हैं। वहीं, राजस्थान के बूंदी, झालावाड़ और बारां में तापमान 48 डिग्री पहुंचने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पालम में भी 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंच गया है।

रात में भी तापमान कम होने का नाम नहीं ले रहा है। महाराष्ट्र में अकोला के बाद मध्यप्रदेश के सतना में रात का तापमान सबसे ज्यादा 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर भारत में अगले 5 दिन तापमान में कोई गिरावट आने का अनुमान नहीं है। महाराष्ट्र के नागपुर, पुणे और उसके आसपास के इलाकों में अच्छी बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ शहरों में आने वाले कुछ दिनों में बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, उत्तरप्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और हरियाणा, पंजाब तथा जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में अगले दो-तीन दिनों तक लू का कहर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक,इसबार मानसून की रफ्तार बहुत अच्छी है। संकेत मिल रहे हैं कि यह 29 मई को केरल पहुंच सकता है। अगले 24 घंटे में इसके दक्षिण अरब सागर के कुछ हिस्सों,पूरे कोमोरिन,मालदीव,बंगाल की खाड़ी दक्षिणी हिस्से में पहुंचने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि पिछले साल की तुलना में इस बार मानसून अच्छा रहेगा। उत्तरी राज्यों में अच्छी बारिश इस साल हो सकती है।

Comments are closed.