बिहार चुनाव 2025: जनसुराज ने जारी की दूसरी सूची, 65 नए चेहरों को मिला मौका

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

  • जनसुराज पार्टी की दूसरी उम्मीदवार सूची में 65 नाम शामिल
  • पहली लिस्ट में थे 51 प्रत्याशी, अब कुल संख्या 116 पहुँची
  • जातीय संतुलन पर जोर, सबसे ज्यादा टिकट अतिपिछड़ा वर्ग को
  • प्रशांत किशोर ने कहा, समाज की हिस्सेदारी के आधार पर टिकट बांटे

समग्र समाचार सेवा
पटना | 13 अक्टूबर: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी में जुटी जनसुराज पार्टी ने रविवार को अपने 65 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जनसुराज सामाजिक न्याय की असली परिभाषा पर काम कर रही है, जहां “समाज में जिसकी जितनी हिस्सेदारी, उसे उतनी भागीदारी” का सिद्धांत लागू होगा।

PK ने बताया कि बिहार में अतिपिछड़ा वर्ग (EBC) की आबादी सबसे ज्यादा है, इसलिए पार्टी ने अब तक घोषित 116 उम्मीदवारों में सबसे अधिक टिकट इसी वर्ग को दिए हैं। उन्होंने कहा कि “यह बिहार की राजनीति में पहली बार है जब किसी पार्टी ने अतिपिछड़े वर्ग को इतने बड़े स्तर पर प्रतिनिधित्व दिया है।”

जनसुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दूसरी सूची में शामिल सभी 65 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।

इससे पहले जारी की गई पहली सूची में पार्टी ने 51 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे, जिनमें 7 सुरक्षित सीटें और 44 सामान्य सीटें थीं। जातीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए, पार्टी ने पहली लिस्ट में अति पिछड़ा वर्ग से 17, अन्य पिछड़ा वर्ग से 11, सामान्य वर्ग से 9, अल्पसंख्यक वर्ग से 7 और वाल्मीकिनगर से एक अनुसूचित जनजाति उम्मीदवार को टिकट दिया था।

PK ने कहा कि जनसुराज बिहार में एक नई राजनीतिक संस्कृति की शुरुआत कर रहा है, जहाँ सिर्फ नारे नहीं, बल्कि समाज के हर तबके की वास्तविक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

Comments are closed.