नई दिल्ली। – 3 जून, 2025 । पाकिस्तान में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सना यूसुफ की उनके ही घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना इस्लामाबाद के जी-13 इलाके में हुई। गोली मारने के बाद हमलावर फरार हो गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 2 जून को ही सना का 17वां जन्मदिन भी था। उनके जन्मदिन पर एक शख्स रिश्तेदार बनकर घर में घुसा था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पहले सना से घर के बाहर कुछ देर बात की और फिर घर के अंदर आकर गोलियां चलाईं। सना को बहुत नजदीक से दो गोलियां लगीं, जिसके बाद उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कुछ घंटे बाद हत्यारा गिरफ्तार समा टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक सना यूसुफ का हत्यारा गिरफ्तार हो गया है। आरोपी पंजाब का है और उसकी सना से पहले से जान-पहचान थी। शुरुआती जांच से पता चलता है कि हत्या के पीछे का मकसद व्यक्तिगत रंजिश थी।
पुलिस ने संदिग्ध के कब्जे से हत्या का हथियार भी बरामद किया है। अधिकारियों ने कहा कि CCTV फुटेज की मदद से आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो पाई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही सना ने दम तोड़ा
हादसे के बाद सना को तुरंत PIMS अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद सना का अंतिम संस्कार इस्लामाबाद के H-8 कब्रिस्तान में किया गया।
सना की मां फरजाना यूसुफ ने इस मामले में FIR दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुस आया था। उसने उनकी बेटी पर दो गोलियां चलाईं। उन्होंने कहा कि अगर हत्यारा उनके सामने आता है तो वह उसे पहचान सकती हैं।
17 साल की सना यूसुफ मूल रूप से चित्राल की रहने वाली थीं। वह सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थीं। सना कॉमेडी, लाइफस्टाइल, कल्चरल अवेयरनेस और एजुकेशनल मैसेज से जुड़े पोस्ट करती थीं।
टिकटॉक पर सना के 7.25 लाख और इंस्टाग्राम पर करीब 5 लाख फॉलोअर्स हैं। उनके लुक की वजह से लोग उनकी तुलना मशहूर अभिनेत्री हानिया आमिर से भी करते थे। सना मेडिकल की तैयारी कर रही थीं।
Comments are closed.