कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
-
इंडिगो की निगरानी में चूक के चलते DGCA ने चार ऑपरेशन इंस्पेक्टर बर्खास्त किए
-
इस महीने हजारों उड़ानें रद्द, देशभर में यात्रियों की यात्राएं प्रभावित
-
गुरुग्राम स्थित इंडिगो ऑफिस में DGCA की दो मॉनिटरिंग टीमें तैनात
-
रोजाना शाम 6 बजे तक फ्लीट, क्रू और फ्लाइट ऑपरेशंस की रिपोर्ट मांगी जाएगी
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली। 12 दिसंबर: इंडिगो एयरलाइन में हालिया परिचालन संकट के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने कड़ा कदम उठाते हुए चार फ्लाइट ऑपरेशन इंस्पेक्टरों को बर्खास्त कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, इंडिगो की सुरक्षा जांच और फ्लाइट ऑपरेशंस की नियमित निगरानी में गंभीर लापरवाही सामने आई थी।
इंडिगो ने इस महीने बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द कीं, जिसके कारण देशभर में हजारों यात्री प्रभावित हुए। उड़ानों की अचानक रद्दीकरण से सुरक्षा नियमों के अनुपालन और क्रू प्रबंधन को लेकर DGCA ने एयरलाइन से विस्तृत जवाब मांगा था।
स्थिति की गहराई से निगरानी के लिए DGCA ने गुरुग्राम स्थित एयरलाइन कार्यालय में दो विशेष टीमें तैनात की हैं। ये टीमें पायलटों की संख्या, क्रू के कार्य घंटे, स्टैंडबाय क्रू, प्रतिदिन संचालित उड़ानें, प्रभावित सेक्टर, औसत उड़ान समय और नेटवर्क ऑपरेशंस जैसे पहलुओं की जांच कर रही हैं।
हर टीम को रोजाना शाम 6 बजे तक नियामक को विस्तृत रिपोर्ट सौंपनी होगी, ताकि परिचालन की वास्तविक स्थिति को रीयल-टाइम में मॉनिटर किया जा सके और यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम किया जा सके।
कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Comments are closed.