शेख़ हसीना पर हत्या और साज़िश के आरोप तय, अंतरराष्ट्रीय न्यायाधिकरण ने जारी किया वारंट

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा                                                                                                                                                                                                                                ढाका ,3 जून – ढाका स्थित अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (ICT) ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के खिलाफ हत्या, साज़िश और मानवता विरोधी अपराधों से जुड़े पांच गंभीर आरोप तय किए हैं। उनके साथ ही पूर्व गृह मंत्री असदुज्जमां खान कमाल और पूर्व पुलिस प्रमुख चौधरी अब्दुल्ला अल मामून को भी अभियुक्त बनाया गया है।

अभियोजन पक्ष ने बताया कि जुलाई-अगस्त 2024 के जन आंदोलनों के दौरान सुरक्षा बलों और सत्तारूढ़ अवामी लीग से जुड़े हथियारबंद समूहों ने शेख़ हसीना के आदेश पर 1,400 लोगों की हत्या और 25,000 से अधिक लोगों को घायल किया। अभियुक्तों पर हत्या, हत्या का प्रयास, साजिश, उकसावे और प्रत्यक्ष भागीदारी जैसे आरोप लगाए गए हैं।

मुख्य अभियोजक ताजुल इस्लाम ने 747 पन्नों की दस्तावेजी साक्ष्य, ऑडियो-वीडियो फुटेज और मीडिया रिपोर्ट्स के साथ 134 पन्नों का आरोप पत्र दाखिल किया। इसमें दावा किया गया कि शेख़ हसीना ने छात्रों को ‘रजाकार की औलाद’ कहकर जानबूझकर हिंसा को बढ़ावा दिया।

यह मुकदमा उसी न्यायाधिकरण में चल रहा है जिसे हसीना सरकार ने 1971 के युद्ध अपराधों की सुनवाई के लिए स्थापित किया था। विडंबना यह है कि आज उसी न्याय प्रणाली के दायरे में हसीना खुद आरोपी हैं।

न्यायाधिकरण ने सभी तीनों अभियुक्तों को 16 जून को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया है। यह बांग्लादेश के इतिहास में पहला मामला है जिसमें सुनवाई का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

Comments are closed.