बेहाला : जलती फाइलों का रहस्य सबूत मिटाने की कोशिश में जुटी है TMC ?

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

पूनम शर्मा
देर रात बेहाला में जलीं कथित गोपनीय फाइलें

पश्चिम बंगाल की राजनीति में उस समय सनसनी फैल गई जब बेहाला इलाके में कथित तौर पर बड़ी मात्रा में कंपनी दस्तावेज़ों और फाइलों को जलाए जाने की खबर सामने आई। विपक्षी हलकों और राजनीतिक विश्लेषकों के बीच इस घटना को लेकर तीखी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। आरोप लगाए जा रहे हैं कि यह सिर्फ कागज़ जलाने की घटना नहीं, बल्कि कथित भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े सबूतों को मिटाने की कोशिश हो सकती है।

स्थानीय लोगों ने देखी संदिग्ध गतिविधि, “सिंप्लेक्स कंपनी” के दस्तावेज़ होने का दावा

सूत्रों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने बेहाला में देर रात कुछ व्यक्तियों को भारी मात्रा में कागज़ात और फाइलें जलाते हुए देखा। दावा किया जा रहा है कि इन दस्तावेज़ों का संबंध “सिंप्लेक्स कंपनी” से था। घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया। विपक्षी नेताओं ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

सबूत मिटाने की सुनियोजित साजिश

आरोप लगाने वालों का कहना है कि राज्य सरकार के भीतर लंबे समय से भ्रष्टाचार, अवैध वित्तीय लेनदेन और कथित घोटालों से जुड़े दस्तावेज़ों को व्यवस्थित तरीके से हटाने का अभियान चल रहा है। दावा किया जा रहा है कि राइटर्स बिल्डिंग और अन्य सरकारी दफ्तरों में भी संवेदनशील फाइलों को गायब करने या नष्ट करने की कोशिशें यदि की गई तो इसमें कोई आश्चर्य नहीं है। हालांकि इन आरोपों की अब तक किसी स्वतंत्र एजेंसी द्वारा पुष्टि नहीं हुई है।

“आईपैक फाइल” और कॉर्पोरेट कनेक्शन पर तेज हुई चर्चा

इस पूरे घटनाक्रम को “सबूत मिटाने की साजिश” कहा जा सकता है। आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि कुछ महत्वपूर्ण फाइलें, जिनमें कॉर्पोरेट लेनदेन, कथित शराब घोटाले और चुनावी फंडिंग से जुड़े दस्तावेज़ शामिल थे,अचानक गायब हो गईं। राजनीतिक गलियारों में “आईपैक फाइल” और कथित कॉर्पोरेट कनेक्शन को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।

सोशल मीडिया पर उठे सवाल, केंद्रीय जांच होनी चाहिए

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि अगर यह केवल पुराने रिकॉर्ड नष्ट करने की नियमित प्रक्रिया थी, तो इसे गुप्त तरीके से रात में क्यों किया गया? वहीं विपक्ष का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच हुई तो कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं।

यदि दस्तावेज़  जलाए गए हैं, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और प्रशासनिक पारदर्शिता पर गंभीर हमला है। अगर सबूत बचाने की कोशिश नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

बंगाल की राजनीति में बढ़ी टकराव और अविश्वास की स्थिति

फिलहाल, बेहाला में कथित फाइल जलाने की घटना ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया भूचाल ला दिया है। सच क्या है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा, लेकिन इस घटनाक्रम ने राज्य की सियासत को एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप और रहस्य के भंवर में धकेल दिया है।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

Comments are closed.