अमृतसर में अकाली दल पार्षद हरजिंदर सिंह बहमन की सरेआम गोली मारकर हत्या, ड्रग माफिया से जुड़ाव की आशंका

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा : पंजाब के अमृतसर जिले में रविवार को अकाली दल के पार्षद हरजिंदर सिंह बहमन की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर अमृतसर, 25 मई 2025: पंजाब के अमृतसर जिले में रविवार को अकाली दल के पार्षद हरजिंदर सिंह बहमन की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक पर सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिन युवकों ने बहमन को गोली मारी, वे वही हैं जिन्होंने पहले भी उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी और उनके घर पर फायरिंग की थी। मृतक के भाई और जीजा ने बताया कि हरजिंदर सिंह ने इन युवकों—करण, किशन और सूरज—के खिलाफ ड्रग्स बेचने की शिकायत पुलिस से की थी। ये वही लोग हैं जो पहले से उन्हें धमका रहे थे।

पुलिस ने 3 हमलावरों की पहचान की

एडीसीपी हरपाल सिंह रंधावा ने बताया, “हमलावर बाइक पर आए थे। परिवार ने जिन लड़कों के नाम बताए हैं, उनके खिलाफ पहले भी शिकायत दी गई थी। 5-6 राउंड फायर किए गए। हम हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रहे हैं।” अब तक तीन संदिग्धों—गोपी, अमित और करण कीरा, सभी जंडियाला गुरु से—की पहचान कर ली गई है। अपराध में इस्तेमाल की गई बाइक को भी पुलिस ने चिन्हित कर लिया है।

राजनीतिक तूफान: विपक्ष ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

घटना के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल मच गई है। शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा, “हरजिंदर सिंह को पहले से धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी थी, लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया। यह सीधे-सीधे प्रशासनिक लापरवाही का मामला है।”

सुखबीर सिंह बादल ने भगवंत मान सरकार पर करारा हमला बोलते हुए कहा, “यह घटना पंजाब में कानून व्यवस्था की असल तस्वीर दिखाती है। मुख्यमंत्री और डीजीपी को जवाब देना होगा कि पहले फायरिंग के बावजूद क्यों कोई कार्रवाई नहीं हुई।”

कांग्रेस ने भी साधा निशाना

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी इस हत्या की कड़ी निंदा की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, “अकाली दल पार्षद हरजिंदर सिंह बहमन की दिनदहाड़े हत्या निंदनीय है। यह फिर से दिखाता है कि पंजाब में अपराधियों को कानून का कोई डर नहीं है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है और प्रदेश को अराजकता की ओर धकेल रही है।

न्याय की मांग और जन आक्रोश

हरजिंदर सिंह की हत्या से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। जंडियाला गुरु क्षेत्र में लोगों ने धरना प्रदर्शन कर पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाया है और मांग की है कि हत्यारों को तुरंत गिरफ्तार कर फांसी दी जाए।

इस जघन्य हत्या ने एक बार फिर पंजाब में ड्रग माफिया और राजनीतिक संरक्षण की खतरनाक मिलीभगत को उजागर कर दिया है। सवाल ये है: क्या अब भी सरकार जागेगी?

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

Comments are closed.