वैश्विक प्रतिभा सूची में भारत दो पायदान फिसलकर 53वें स्थान पर, स्विट्जरलैंड शीर्ष पर

नई दिल्ली। भारत आईएमडी बिजनेस स्कूल ऑफ स्विट्जरलैंड की वार्षिक वैश्विक प्रतिभा रैंकिंग में २ पायदान फिसलकर ५३वें स्थान पर आ गया है। इस सूची में स्विट्जरलैंड शीर्ष पर है। एशिया में सिंगापुर सूची में सबसे ऊपर है। वैश्विक सूची में वह १३वें स्थान पर है। इस सूची में प्रतिभाओं के विकास, उन्हें आकर्षित करने और अपने साथ जोड़े रखने के आधार पर ६३ देशों को रैंकिंग दी गई है। चीन इस सूची में निचले ३९वें स्थान पर है। कुशल विदेशी श्रमिकों को आकर्षित करने में आने वाली मुश्किलों तथा शिक्षा में सार्वजनिक खर्च अन्य विकसित अर्थव्यवस्थाओं के औसत की तुलना में कम रहने की वजह से चीन सूची में निचले स्थान पर है। जहां तक भारत की बात है वह इस सूची में २०१७ के ५१वें स्थान से फिसलकर ५३वें स्थान पर आ गया है।

भारत का प्रदर्शन प्रतिभा पूल की गुणवत्ता के मामले में औसत से बेहतर है। इसमें भारत ३०वें स्थान पर है। वहीं दूसरी ओर अपनी शैक्षणिक प्रणाली की गुणवत्ता तथा सार्वजनिक शिक्षा के क्षेत्र में निवेश की कमी के चलते निवेश और विकास के मामले में भारत ६३वें स्थान पर है। स्विट्जरलैंड लगातार ५वें साल सूची में शीर्ष पर रहा है। डेनमार्क दूसरे, नॉर्वे तीसरे, आस्ट्रिया चौथे और नीदरलैंड ५वें स्थान पर है। इसके बाद कनाडा छठे स्थान पर है। शीर्ष १० में कनाडा एकमात्र गैर यूरोपीय देश है। फिनलैंड ७वें, स्वीडन ८वें, लग्जमबर्ग ९वें तथा जर्मनी १०वें स्थान पर है। निचले स्थान वाले देशों में स्लोवाक गणराज्य ५९वें, कोलंबिया ६०वें, मेक्सिको ६१वें, मंगोलिया ६२वें और वेनेजुएला ६३वें स्थान पर है। ब्रिक्स देशों में ब्राजील ५८वें, दक्षिण अफ्रीका ५०वें और रूस ४६वें स्थान पर है।

Comments are closed.