हनी ट्रैप का गंदा खेल : बेटी बनाती थी संबंध, पिता वीडियो बना करता था ब्लैकमेल

यमुनानगर। क्या कभी ऐसा सुना है कि कोई पिता अपनी ही बेटी से लोगों के शारीरिक संबंध बनवाता हो। इतना ही नहीं, उसका वीडियो बनाकर बाद में उनको ब्लैकमेल कर मोटी रकम वसूलता हो। मगर, हरियाणा के यमुनानगर के बाप-बेटी यह धंधा वर्षों से कर रहे थे। बेटी भी इसे मजबूरी या दबाव में नहीं, बल्कि अय्याशी के लिए करती थी।

जानकार बताते हैं कि बाप-बेटी बेहद शातिर दिमाग हैं। जब बेटी लोगों से शारीरिक संबंध बनाती थी तो पिता चुपके से उनकी अश्लील वीडियो बना लेता था। उनके चंगुल में हरियाणा ही नहीं पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली तक के लोग फंसते थे। मगर सामाजिक मर्यादा के कारण चुप रहते थे।

बिजनेस वार में हुआ खुलासा

बाप-बेटी के इस गिरोह के कारनामों का खुलासा भी बहुत रोचक ढंग से हुआ। हनी ट्रैप गिरोह चलाने वाली एक महिला ने इसकी शिकायत की थी, जिसे बाप-बेटी के इस गिरोह से कड़ी चुनौती मिल रही थी और उसका धंधा नहीं चल पा रहा था।

बड़े कारोबारी भी बनते थे शिकार

दिखने में मासूम सी लगने वाली 26 वर्षीय लड़की के चंगुल में सिर्फ भोले-भाले लोग ही नहीं बल्कि शहर के कई कारोबारी भी फंसे हैं। जब वे युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने की अपनी वीडियो देखते थे तो उनकी रातों की नींद उड़ जाती थी। साथ ही उन्हें अश्लील वीडियो वाट्सएप पर वायरल करने की धमकी दी जाती थी। दिन में जो लोग शराफत का नकाब पहने रखते थे अब उन्हें समाज में अपनी बदनामी का डर सता रहा था। बदनामी के डर से लोग उन्हें मुंह मांगी रकम दे देते थे।

यूं चढ़े पुलिस के हत्थे

पुलिस को शहर की ही एक महिला ने शिकायत दी थी कि दो माह पहले आरोपी पिता-पुत्री अपने पड़ोस में ही रहने वाली एक नवविवाहिता के घर पर गए। तब उसके परिजन किसी काम से बाहर गए हुए थे। विवाहिता भी दोनों के बारे में कुछ नहीं जानती थी। लड़की ने विवाहिता को अपने विश्वास में लेकर उससे खाने को बर्फी दे दी। बर्फी खाने के बाद वह बेहोश हो गई।

पिता ने विवाहिता से दुष्कर्म किया और बेटी ने उनकी वीडियो बना ली। विवाहिता को जब होश आया तो पिता-पुत्री ने उसे अश्लील वीडियो दिखाई। जिसे देखकर वो हैरान रह गई। उससे पहले तो 10 हजार रुपये लिए और फिर उसे भी वेश्यावृति के गोरखधंधे में धकेल दिया। मजबूर होकर विवाहिता ने थाने में शिकायत दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जांच की तो पिता-पुत्री की असलियत का राज खुला। कोर्ट में पेश करने पर दोनों को जेल भेज दिया गया।

और भी कई शिकायतें ः एसएचओ

एसएचओ डॉ. सुनील रावत ने बताया कि शहर में रहने वाले एक व्यक्ति को दुष्कर्म के आरोपी में गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की तो उसकी बेटी का नाम भी सामने आया। दोनों कई लोगों को ब्लैकमेल कर चुके हैं। कुछ और महिलाओं ने भी उनके खिलाफ ब्लैकमेल करने की शिकायत दी है। इसकी जांच कर रहे हैं।

पंजाब, उत्तर प्रदेश व दिल्ली तक फैला जाल

इस गिरोह का शिकार सिर्फ यमुनानगर के लोग ही नहीं बल्कि पंजाब, दिल्ली व उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों के लोग भी हो चुके हैं। क्योंकि बड़ी संख्या में दोनों राज्यों के लोग यहां आते हैं। वे अपनी शारीरिक जरूरतों को पूरा करने के लिए ऐसी लड़कियों की तलाश में रहते हैं। गलती से इनके चक्कर में जो फंस गया समझो उससे कम से कम 50 हजार रुपये वसूल ही लेते थे।

पुलिस में सब इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत्त आरडी राणा कहते हैं कि यमुनानगर शहर प्लाइवुड और जगाधरी मेटल के लिए प्रसिद्ध है। यहां पर प्रदेश के अलावा पंजाब, उत्तराखंड, गुजरात, दिल्ली, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से व्यापारी आते हैं। इसी तरह यहां के लोग भी दूसरे राज्यों में जाते हैं। व्यापार के कारण यह एरिया समृद्ध है, इसलिए कुछ लोग व्यापारी और उनके कर्मचारियों को फंसा कर पैसे एेंठेने का काम करते हैं।

Comments are closed.